सुप्रीम कोर्ट की वकील और सिविल जज बनकर बचपन की सहेली से ठगी! केस निपटाने के नाम पर 1.88 लाख लेने का आरोप
रायपुर में बचपन की सहेली पर खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और राजस्थान कैडर की सिविल जज बताकर 1.88 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। खमतराई पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की।

रायपुर। राजधानी रायपुर में बचपन की दोस्ती को कथित तौर पर ठगी का जरिया बनाने का मामला सामने आया है। एक निजी स्कूल शिक्षिका ने अपनी पुरानी सहेली पर खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और राजस्थान कैडर की चयनित सिविल जज बताकर 1 लाख 88 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता के भाई के पारिवारिक विवाद को खत्म कराने का भरोसा दिलाया और कभी पुलिस अधिकारी को पैसे देने तो कभी वरिष्ठ अधिवक्ता की फीस के नाम पर रकम वसूली। मामले में खमतराई पुलिस ने पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और प्रतिरूपण से संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है।
स्कूल की दोस्ती को बनाया भरोसे का आधार
शिकायतकर्ता आरजू शर्मा (24) ने पुलिस को बताया कि उसकी और पूजा सिंह की पहचान बचपन से थी। दोनों ने डैजल पब्लिक स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक साथ पढ़ाई की थी। इसके बाद भी सोशल मीडिया के जरिए उनका संपर्क बना रहा।
आरजू के अनुसार, अप्रैल 2025 में पूजा ने इंस्टाग्राम पर काले कोट और बैंड में अपनी तस्वीरें साझा की थीं। इन तस्वीरों के साथ उसने खुद को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की वकील बताया था। आरजू का कहना है कि उसने पूजा को रायपुर कोर्ट में भी वकील की पोशाक में देखा था। पुरानी दोस्ती और इन बातों के चलते उसे पूजा की पहचान पर कोई संदेह नहीं हुआ।
भाई के पारिवारिक विवाद को सुलझाने का दिया भरोसा
पीड़िता के मुताबिक, उसके भाई आदित्य शर्मा की शादी फरवरी 2026 में हुई थी। कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद भाई की पत्नी की ओर से आदित्य, आरजू और उनकी मां के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
परिवार की परेशानी को देखते हुए आरजू ने अपनी सहेली पूजा से मदद मांगी। आरोप है कि पूजा ने बड़े पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों से जान-पहचान होने का दावा किया और अपने प्रभाव से मामले को खत्म कराने का भरोसा दिलाया।
राजस्थान कैडर की सिविल जज बनने का भी किया दावा
शिकायत के अनुसार, सितंबर में पूजा रायपुर पहुंची और आरजू को बताया कि उसका राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर चयन हो चुका है। उसने ट्रेनिंग का हवाला देते हुए खुद केस लड़ने में असमर्थता जताई और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से मामला लड़वाने की बात कही। इसके बाद उसने आरजू की मुलाकात उक्त अधिवक्ता से भी कराई।
पुलिस अधिकारी और वकील की फीस के नाम पर लिए पैसे
आरजू ने आरोप लगाया कि 16 सितंबर को पूजा ने बताया कि मोहला-मानपुर चौकी के एक पुलिस अधिकारी से उसकी बातचीत हो चुकी है। अधिकारी कथित तौर पर केस खत्म कराने और परिवार के खिलाफ FIR नहीं होने देने के लिए दो लाख रुपये मांग रहा है। इसके अलावा वकील और अपनी फीस के नाम पर भी रकम मांगी गई।
पीड़िता के मुताबिक, उसने बताए गए अधिवक्ता के खाते में 15 हजार रुपये और पूजा के खाते में 5 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद किसी तरह 1.50 लाख रुपये की व्यवस्था कर पूजा को दे दिए। आरोप है कि इस दौरान पूजा के परिवार के कुछ सदस्यों ने भी उसके जज बनने की बात कहकर भरोसा दिलाया।
इसी रात पूजा के साथ आरजू और उसका भाई मोहला-मानपुर चौकी पहुंचे। कुछ देर बाद पूजा ने QR कोड भेजकर कथित तौर पर CDR निकलवाने के नाम पर 18 हजार रुपये और मांगे। यह रकम भी आरजू ने ट्रांसफर कर दी।
अधिवक्ता से बातचीत के बाद हुआ ठगी का संदेह
कुछ दिनों बाद आरजू को पूजा की एक परिचित से जानकारी मिली कि उसने कानून की पढ़ाई तक पूरी नहीं की है। इसके बाद पीड़िता ने उस अधिवक्ता से संपर्क किया, जिनके माध्यम से केस लड़वाने की बात कही गई थी।
शिकायत में बताया गया है कि अधिवक्ता ने आरजू को जानकारी दी कि पूजा उनसे पैसे वापस ले चुकी है और उनके पास केवल पांच हजार रुपये ही बचे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने कभी पूजा के आईडी या प्रमाणपत्र नहीं देखे थे।
इसके बाद पूजा ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर कराने के नाम पर 50 हजार रुपये और मांगे। इस बार आरजू और उसके भाई को संदेह हुआ और उन्होंने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।
नया iPhone दिखाने और धमकी देने का भी आरोप
आरजू ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 16 सितंबर को रकम लेने के बाद पूजा नया iPhone लेकर आई थी और उसने अपना नया फोन भी दिखाया। पीड़िता को संदेह है कि उसकी मेहनत की कमाई से मिली रकम का इस्तेमाल फोन खरीदने में किया गया।
इसके बाद 3 अक्टूबर को जब आरजू पूजा के घर पहुंची और अपने पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूजा ने खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और सिविल जज बताते हुए अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
खमतराई पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
पीड़िता ने 4 अक्टूबर को खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने 12 नवंबर को पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर मनीष बाजपेयी कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और पैसों के लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि आरोपी ने वास्तव में अपनी शैक्षणिक और पेशेवर पहचान को लेकर क्या दावे किए थे और कथित ठगी में किन लोगों की भूमिका रही है।



