Google Analytics —— Meta Pixel

200 करोड़ की शादी से विदेशी संपत्तियों तक, महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के पैसों का हिसाब खंगाल रही ED

Saurabh Chandrakar Wedding Expenses: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद ED की जांच अब उसके विदेशी निवेश, संपत्तियों और महंगे आयोजनों तक पहुंच गई है। एजेंसी ने अपनी रिमांड अर्जी में फरवरी 2023 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में हुई सौरभ चंद्राकर की शादी का जिक्र करते हुए दावा किया है कि इस आयोजन पर करीब 200 करोड़ रुपए नकद खर्च किए गए थे। ED के मुताबिक शादी के आयोजन में बड़ी रकम हवाला के जरिए पहुंचाई गई थी। एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खर्च के लिए इस्तेमाल की गई रकम कहां से आई और उसका महादेव बेटिंग नेटवर्क से क्या संबंध था। ED के अनुसार शादी के आयोजन के लिए करीब 112 करोड़ रुपए हवाला के जरिए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी तक पहुंचाए गए थे। 

यह भी पढ़ें:- महादेव सट्टा ऐप का 92 हजार करोड़ का साम्राज्य! ED की जांच में खुली कमाई की परतें 

वहीं होटल बुकिंग के लिए लगभग 42 करोड़ रुपए नकद AED यानी संयुक्त अरब अमीरात की मुद्रा में दिए जाने का दावा किया गया है। एजेंसी ने आयोजन में निजी विमानों के इस्तेमाल, सेलिब्रिटी की मौजूदगी और मेहमानों के यात्रा समेत ठहरने पर हुए खर्च का भी उल्लेख किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि सौरभ चंद्राकर और उससे जुड़े लोगों ने कथित अपराध की कमाई का इस्तेमाल विदेशों में महंगी संपत्तियां और अन्य सुविधाएं हासिल करने में किया। हालांकि शादी पर हुए खर्च और उसमें इस्तेमाल रकम को लेकर ED के दावों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के जरिए होनी है। ED ने कोर्ट में दाखिल अपने आवेदन में कहा है कि जांच के दौरान विदेश में सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगियों के नाम पर कई ऐसी संपत्तियों का पता चला है, जिनका संबंध अपराध की कमाई से बताया जा रहा है। एजेंसी के मुताबिक इनमें से कुछ संपत्तियों को अटैच भी किया जा चुका है।

वानुआतु पासपोर्ट और भारतीय नागरिकता छोड़ने के दावे की जांच

अब ED यह पता लगाना चाहती है कि विदेश में मौजूद इन संपत्तियों को खरीदने के लिए पैसा किन बैंक खातों और माध्यमों से भेजा गया। इसके साथ ही संपत्तियों के वास्तविक मालिक, निवेश में शामिल दूसरे लोगों और कथित मनी लॉन्ड्रिंग से उनके संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। एजेंसी का मानना है कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के जरिए विदेश में बनाई गई संपत्तियों और बेटिंग नेटवर्क से अर्जित कथित अपराध की कमाई के बीच संबंध स्थापित करने में मदद मिल सकती है। ED ने अपने रिमांड आवेदन में सौरभ चंद्राकर के वानुआतु पासपोर्ट और ऑस्ट्रेलिया के वीजा के लिए किए गए आवेदन का भी जिक्र किया है। एजेंसी के मुताबिक सौरभ ने भारतीय नागरिकता छोड़ने का दावा किया था। ED ने आवेदन में कहा है कि ओमान की एक अदालत ने भारतीय दूतावास से प्राप्त जानकारी के आधार पर सौरभ को भारतीय नागरिक माना था। एजेंसी अब उसके विदेश में रहने, पासपोर्ट, नागरिकता और यात्रा दस्तावेजों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करना चाहती है। (Saurabh Chandrakar Wedding Expenses)

हवाला के जरिए विदेश पहुंचाई जाती थी रकम: ED

महादेव ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की जांच में ED ने आरोप लगाया है कि बेटिंग से जमा होने वाली रकम को कई स्तरों पर बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर किया जाता था। इसके बाद हवाला और दूसरे माध्यमों से पैसा विदेश पहुंचाया जाता था। एजेंसी के मुताबिक इस प्रक्रिया में दूसरे लोगों के KYC दस्तावेजों पर खोले गए बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया गया। ऐसे खातों में रकम जमा होने के बाद उसे तीन से चार स्तरों पर अलग-अलग खातों में भेजा जाता था, जिससे पैसों के वास्तविक स्रोत और लाभार्थियों की पहचान करना मुश्किल हो जाता था। ED अब सौरभ से पूछताछ के जरिए यह पता लगाना चाहती है कि हवाला के जरिए विदेश भेजी गई रकम किन लोगों तक पहुंची, उसका निवेश कहां किया गया और शादी जैसे बड़े आयोजनों में इस्तेमाल की गई रकम का स्रोत क्या था। सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट ने सात दिन की ED कस्टडी में भेजा है। एजेंसी इस दौरान उससे विदेश में मौजूद संपत्तियों, बैंक खातों, हवाला नेटवर्क, दूसरे बेटिंग प्लेटफॉर्म और सहयोगियों की भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी। (Saurabh Chandrakar Wedding Expenses)

ED का दावा है कि महादेव ऐप से जुड़े नेटवर्क की जांच में सामने आए वित्तीय लेन-देन की पूरी कड़ी को समझने के लिए सौरभ से पूछताछ जरूरी है। एजेंसी यह भी पता लगाना चाहती है कि कथित अपराध की कमाई का कितना हिस्सा भारत से बाहर भेजा गया और किन देशों में उसका निवेश किया गया। अब जांच का फोकस सिर्फ बेटिंग कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि उससे अर्जित रकम के इस्तेमाल, विदेश में बनाई गई संपत्तियों और पूरे वित्तीय नेटवर्क की पहचान पर भी है। अब ED की जांच का दायरा महादेव सट्टा ऐप के संचालन से आगे बढ़कर उसकी कथित कमाई के इस्तेमाल तक पहुंच गया है। सौरभ चंद्राकर की शादी में हुए करोड़ों के खर्च, हवाला के जरिए विदेश भेजी गई रकम और विदेशी संपत्तियों को लेकर एजेंसी कई अहम सवालों के जवाब तलाश रही है। सात दिन की रिमांड में सौरभ से होने वाली पूछताछ से इस पूरे आर्थिक नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि ED की जांच में विदेशों में छिपाई गई कथित अपराध की कमाई और उससे जुड़े लोगों को लेकर कौन से नए खुलासे सामने आते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!