Google Analytics —— Meta Pixel

महादेव सट्टा ऐप का 92 हजार करोड़ का साम्राज्य! ED की जांच में खुली कमाई की परतें 

Mahadev Betting Scam Investigation: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप और उससे जुड़ी बेटिंग वेबसाइटों के जरिए अपराध की कमाई का आंकड़ा 92 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा पहुंच गया है। प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने अपनी पांचवीं सप्लीमेंट्री अभियोजन शिकायत में यह बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी के मुताबिक अक्टूबर 2023 में पहली अभियोजन शिकायत दाखिल किए जाने के समय इस नेटवर्क से हुई अपराध की कमाई का अनुमान 10 से 11 हजार करोड़ रुपए था, लेकिन इसके बाद भी बेटिंग का कारोबार जारी रहा। जांच आगे बढ़ने के साथ नए प्लेटफॉर्म और आरोपियों की भूमिका सामने आई, जिसके बाद यह आंकड़ा बढ़कर 92 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया। ED ने यह आकलन 10 सितंबर 2026 तक की जांच के आधार पर किया है। एजेंसी के मुताबिक महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के अलावा Skyexchange.com और Lotus365.com जैसे बेटिंग प्लेटफॉर्म भी इस नेटवर्क से जुड़े रहे। 

यह भी पढ़ें:- होटल कारोबारी दीपक टंडन पर बढ़ता शिकंजा, एक हफ्ते में 6 FIR, ठगी, धमकी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में घिरा

जांच में सामने आए शुरुआती अनुमानों के मुताबिक अकेले महादेव ऑनलाइन बुक ऐप से 75 से 80 हजार करोड़ रुपए की कथित अपराध की कमाई होने का अनुमान है। वहीं Skyexchange.com से 11 से 12 हजार करोड़ रुपए और Lotus365.com से करीब 2,400 करोड़ रुपए की कमाई का आकलन किया गया है। ED ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े फिलहाल शुरुआती और अस्थायी हैं। जांच में नए तथ्य और वित्तीय लेन-देन सामने आने के बाद इनमें बदलाव संभव है। ED ने अपनी जांच में महादेव ऐप को फ्रेंचाइजी मॉडल पर संचालित होने वाला ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क बताया है। एजेंसी के मुताबिक, इसका मुख्य संचालन दुबई से किया जाता था। क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस जैसे खेलों के अलावा Teen Patti, Poker और Dragon Tiger जैसे ऑनलाइन गेम पर भी लोगों से दांव लगवाए जाते थे। (Mahadev Betting Scam Investigation)

बैंक खातों के जरिए होता था पैसों का लेन-देन

इस नेटवर्क में पैनल सिस्टम के जरिए काम होता था। मुख्य कार्यालय से अलग-अलग पैनल संचालकों को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाते थे। इसके बाद पैनल संचालक अपने स्तर पर खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग आईडी तैयार करते थे। इन आईडी के जरिए खिलाड़ी वेबसाइट और ऐप पर दांव लगाते थे। इस पूरी व्यवस्था में अलग-अलग स्तर पर पैनल संचालकों की भूमिका रहती थी। ED के मुताबिक इस नेटवर्क में खिलाड़ियों से सीधे वेबसाइट पर पैसे जमा नहीं कराए जाते थे। उन्हें वॉट्सऐप के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजी जाती थी। खिलाड़ी इन खातों में रकम जमा करने के बाद उसकी रसीद भेजते थे। इसके बाद उनकी बेटिंग आईडी में पॉइंट क्रेडिट कर दिए जाते थे। एजेंसी का आरोप है कि इस काम में कई ऐसे बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया, जो दूसरे लोगों के KYC दस्तावेजों के आधार पर खोले गए थे। इन खातों में जमा रकम को एक खाते से दूसरे खाते में तीन से चार स्तरों पर ट्रांसफर किया जाता था। इसके बाद हवाला और अन्य माध्यमों से पैसा विदेश भेजा जाता था। (Mahadev Betting Scam Investigation)

दुबई में कॉल और डेटा सेंटर चलाने का दावा

ED का दावा है कि इस तरीके से वास्तविक लेन-देन और रकम के स्रोत को छिपाने की कोशिश की जाती थी। जांच एजेंसी के मुताबिक दुबई के अल-बरशा इलाके में इस नेटवर्क से जुड़े कॉल सेंटर और डेटा सेंटर संचालित किए जाते थे। एक सेंटर में करीब 50 से 70 लोग काम करते थे। इन्हीं केंद्रों से बेटिंग पैनल और खिलाड़ियों से जुड़ी गतिविधियों को नियंत्रित किया जाता था। ED ने दावा किया है कि इस नेटवर्क के जरिए हर महीने करीब 450 करोड़ रुपए की कथित अपराध की कमाई होती थी। ED के मुताबिक शुरुआती जांच के दौरान महादेव ऐप पर ही मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित था, लेकिन आगे की पड़ताल में Skyexchange, हरिशंकर टिबरेवाल और अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई। एजेंसी अब इन प्लेटफॉर्म के बीच वित्तीय और संचालन संबंधी कड़ियों की जांच कर रही है। ED का मानना है कि महादेव ऐप से जुड़े नेटवर्क की वास्तविक कमाई का पता लगाने के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म, बैंक खातों, पैनल संचालकों और विदेश में किए गए निवेश की पूरी कड़ी समझना जरूरी है। इसी सिलसिले में एजेंसी ने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ करने की तैयारी की है, ताकि कथित अपराध की कमाई के स्रोत, उसके इस्तेमाल और विदेश तक पहुंचने वाले पैसों का पता लगाया जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!