Google Analytics —— Meta Pixel

6 महीने में 19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी बना वन विभाग के लिए चुनौती, दूसरे हाथी को खदेड़कर खुद दल में हुआ शामिल

Kabira Elephant Terror: छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में दहशत का पर्याय बने कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पिछले 6 महीने में यह हाथी 19 लोगों की जान ले चुका है। शुक्रवार को उसे पकड़ने की कोशिश नाकाम रही। वहीं रात में 17 हाथियों के दल में शामिल होने के बाद अब उसे पकड़ना वन विभाग के लिए और चुनौतीपूर्ण हो गया है। हाथियों की मौजूदगी और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षा विभाग ने आसपास के 17 स्कूलों में शनिवार को छुट्टी घोषित कर दी है। वन विभाग के मुताबिक शुक्रवार रात कबरा हाथी सायर के जंगल में 17 हाथियों के दल के पास पहुंचा। यहां दल में मौजूद एक नर हाथी के साथ उसका देर रात तक संघर्ष चलता रहा। इसके बाद कबरा हाथी ने दूसरे नर हाथी को दल से बाहर कर दिया और खुद उसकी जगह शामिल हो गया। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में सीमेंट के दाम ने बढ़ाई टेंशन, 30 हजार करोड़ के निर्माण कार्यों पर संकट!

शनिवार तड़के हाथियों का यह दल कुसुवामुड़ा जंगल पहुंच गया। दल में शामिल होने के कारण अब कबरा हाथी की पहचान कर उसे अलग करना और पकड़ना मुश्किल हो गया है। लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए कबरा हाथी को पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेजने की अनुमति दी गई है। शुक्रवार को वन विभाग की टीम दो कुमकी हाथियों के साथ उदयपुर पहुंची थी। हालांकि कबरा हाथी सायर के जंगल से बाहर नहीं निकला, जिसके चलते पहले दिन रेस्क्यू ऑपरेशन सफल नहीं हो सका। शनिवार को टीम कुसुवामुड़ा जंगल पहुंची और कुमकी हाथियों को जंगल में उतारा गया। योजना के मुताबिक कबरा हाथी के दिखाई देने पर उसे ट्रैंकुलाइज यानी बेहोश कर पकड़ा जाएगा। इसके लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम भी मौके पर मौजूद है।

2 महिलाओं की मौत के बाद पकड़ने का फैसला

इससे पहले पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ की ओर से कबरा हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दी गई थी, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके, लेकिन बुधवार और गुरुवार को प्रेमनगर और उदयपुर क्षेत्र में हाथी ने दो महिलाओं को कुचलकर मार डाला, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। लगातार बढ़ते हमलों के बाद वन विभाग ने उसे पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेजने का निर्णय लिया। पिछले 6 महीने में 19 ग्रामीणों की जान लेने वाले कबरा हाथी की मौजूदगी से सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर हैं। सूरजपुर जिले के वन परिक्षेत्र से सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र में पिछले दो दिनों से कबरा हाथी की मौजूदगी बनी हुई है। हाथी के लगातार विचरण और हमलों की आशंका के चलते ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। जानकारी के मुताबिक कबरा हाथी की वजह से करीब 40 गांवों के लोग दहशत में हैं। (Kabira Elephant Terror)

कबरा हाथी को पकड़ने के लिए तोमर पिंगला अभ्यारण्य से दो कुमकी हाथियों के साथ विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है। वन विभाग की योजना हाथी को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित स्थान पर रेस्क्यू सेंटर भेजने की है। हालांकि विशेषज्ञों की टीम के पहुंचने के बाद से कबरा हाथी सतर्क हो गया है और जंगल से बाहर नहीं निकल रहा है। इसके चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में लगातार मुश्किलें आ रही हैं। देर शाम होने के कारण शुक्रवार को हाथी को ट्रैंकुलाइज करने की प्रक्रिया रोक दी गई थी। इधर, ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द कबरा हाथी को क्षेत्र से बाहर ले जाने की मांग की है। उदयपुर वन परिक्षेत्र में 17 से अधिक हाथियों का दल विचरण कर रहा है। किसी भी तरह की जनहानि और नुकसान को रोकने के लिए वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को हाथी प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। विभाग की टीम लगातार ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दे रही है। (Kabira Elephant Terror)

17 स्कूलों में छुट्टी, ड्रोन से हो रही निगरानी

कुसुवामुड़ा जंगल में हाथियों के दल की मौजूदगी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने आसपास के 17 स्कूलों में शनिवार के लिए छुट्टी घोषित की है। इनमें सायर, कुदर बसवार, सत्तीमुड़ा, कुमडेवा और सुखरीभंडार के स्कूल शामिल हैं। वहीं वन विभाग की टीम ड्रोन के जरिए हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर निगरानी और घेराबंदी की गई है, ताकि हाथियों की लोकेशन का पता लगाया जा सके और ग्रामीणों को सुरक्षित रखा जा सके। कबरा हाथी को सुरक्षित तरीके से पकड़कर रेस्क्यू सेंटर पहुंचाना वन विभाग के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती है। फिलहाल कबरा हाथी की मौजूदगी ने उदयपुर वन परिक्षेत्र के करीब 40 गांवों में लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को हर रात अनहोनी का डर सता रहा है और वे अपनी सुरक्षा के लिए रतजगा करने को मजबूर हैं। वन विभाग की पूरी टीम हाथियों की निगरानी में जुटी है, वहीं विशेषज्ञों की मदद से कबरा हाथी को पकड़ने की कोशिश भी जारी है। अब देखना होगा कि वन विभाग कब तक इस आदमखोर हाथी को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेज पाता है और ग्रामीणों को इस दहशत से राहत मिल पाती है।

Back to top button
error: Content is protected !!