इंस्टाग्राम पर दरिंदगी की साजिश: कंटेंट क्रिएटर को गैंगरेप-अपहरण की धमकी, 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की चर्चित कंटेंट क्रिएटर निवेदिता मंडावी को सोशल मीडिया पर गैंगरेप और अपहरण की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद प्रदेश में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़े :- बलौदाबाजार में रोजगार दिवस का आयोजन: 4,821 कार्यों में 32,072 श्रमिकों को मिला रोजगार
इंस्टाग्राम ग्रुप में आपत्तिजनक चैट्स
मिली जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर “नशा मुक्ति” नाम से संचालित एक ग्रुप में कुछ युवक निवेदिता मंडावी की तस्वीरें साझा कर उनके खिलाफ अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे। चैट्स में उनके अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म जैसी गंभीर साजिश की बातें भी लिखी गई थीं। करीब दो महीने पहले ये चैट्स लीक होने के बाद मामला उजागर हुआ।
शिकायत के बाद बढ़ा मामला
चैट्स सामने आने के बाद निवेदिता मंडावी ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर पूरे मामले को सार्वजनिक किया, जिसके बाद यह मुद्दा तेजी से वायरल हो गया। लोगों ने उनके समर्थन में आवाज उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
जीरो एफआईआर के बाद जांच तेज
परिवार के अनुसार, पहले रायपुर में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद मामला केशकाल थाने को स्थानांतरित किया गया। वहां विधिवत एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
5 आरोपी गिरफ्तार, आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई
केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल ने बताया कि इंस्टाग्राम ग्रुप में अश्लील टिप्पणियां करने और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में 5 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी केशकाल, भानुप्रतापपुर और कोंडागांव क्षेत्र के निवासी हैं। इनके खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
साइबर सुरक्षा पर उठे सवाल
गौरतलब है कि निवेदिता मंडावी के पिता पुलिस विभाग में डीएसपी पद पर कार्यरत हैं। इसके बावजूद इस तरह की धमकी मिलने की घटना ने कानून-व्यवस्था और सोशल मीडिया पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन निगरानी को लेकर बहस तेज हो गई है।



