छत्तीसगढ़ में बड़ी लूट! ज्वेलर्स से चाकू की नोक पर छीना 2 करोड़ का सोना, जंगल में भागे बदमाश
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नेशनल हाईवे-63 पर लूट की बड़ी वारदात से हड़कंप मच गया है। नेलसनार थाना क्षेत्र के पांडे मुर्गा गांव के पास बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने चाकू की नोक पर एक ज्वेलर्स से जेवरात से भरा बैग लूट लिया। लूटे गए गहनों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, इस रकम और जेवरात की वास्तविक मात्रा की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वारदात के बाद आरोपी जंगल की ओर भाग निकले।
बाइक से आए बदमाशों ने रास्ते में रोका वाहन
जानकारी के मुताबिक, भैरमगढ़ में ज्वेलरी की दुकान संचालित करने वाले स्वरूप सोनी सोमवार शाम अपने जेवरात लेकर तूफान वाहन से गीदम जा रहे थे। शाम करीब 6:15 बजे जब उनका वाहन नेशनल हाईवे-63 पर पांडे मुर्गा गांव के समीप पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने ज्वेलर्स को चाकू दिखाकर डराया और उनके पास रखा गहनों से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए और जंगल की तरफ भाग निकले।
नेलसनार थाना प्रभारी ने की घटना की पुष्टि
लूट की घटना के बाद पीड़ित ज्वेलर्स स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल ने घटना की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल लूटे गए जेवरात की वास्तविक मात्रा और कीमत का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद से ही पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामले की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
नेशनल हाईवे पर लूट से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नेलसनार और भैरमगढ़ के बीच नेशनल हाईवे-63 पर हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त मार्ग पर शाम के समय ज्वेलर्स को निशाना बनाकर की गई लूट से स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। लूटे गए जेवरात की वास्तविक कीमत, आरोपियों की पहचान और वारदात के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।



