एम्स रायपुर में एसबीआई की नई एटीएम लॉबी का शुभारंभ, मरीजों को मिलेगी बड़ी सुविधा

रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर (AIIMS) में आज भारतीय स्टेट बैंक की नव-निर्मित एटीएम लॉबी का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस एटीएम लॉबी का शुभारंभ स्टेट बैंक रायपुर अंचल के महाप्रबंधक राकेश कुमार सिन्हा एवं एम्स के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक कुमार जिंदल (सेवानिवृत्त) के करकमलों से संपन्न हुआ।
यह भी पढ़े :- फार्च्यूनर से ‘देसी’ स्कॉर्पियो पर शिफ्ट हुए सीएम साय, काफिले में शामिल हुईं 6 नई बुलेटप्रूफ गाड़ियां

अधिकारीगण रहे उपस्थित
इस अवसर पर एम्स के उप संचालक (प्रशासन) लेफ्टिनेंट कर्नल धर्मवीर सिंह चौहान, स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा, सहायक महाप्रबंधक (डिजिटल वैल्यू एडेड सर्विसेस) रामबिनोद सिंह , मुख्य प्रबंधक दिलीप बनर्जी, चैनल प्रबंधक विक्रम सिंह तथा टाटीबंध शाखा प्रमुख विकास सिन्हा सहित एम्स के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मरीजों और स्टाफ को मिलेगी बड़ी राहत
उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि एम्स परिसर में स्थापित यह नई एटीएम सुविधा मरीजों, उनके परिजनों एवं स्टाफ के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होगी। इससे अब उन्हें सुलभ, त्वरित और सुरक्षित बैंकिंग सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। एम्स जैसे व्यस्त अस्पताल में इस सुविधा से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में नकदी की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।



