पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त कर विकसित भारत की नींव मजबूत कर रही सरकार: मुख्यमंत्री साय
पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता से गांवों का विकास संभव, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रही है। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित पंचायत पदाधिकारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री साय ने विभिन्न प्रोजेक्ट स्टॉलों का किया अवलोकन, मेगा स्वास्थ्य शिविर की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में गांवों के समग्र विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सक्रियता से ही गांवों का वास्तविक विकास संभव है और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री साय ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पंचायत प्रतिनिधि के रूप में की थी। पंच और सरपंच के रूप में काम करते हुए जो अनुभव मिलता है, वही आगे की भूमिका में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि आज कई जनप्रतिनिधि पंचायत स्तर से आगे बढ़कर उच्च सदनों तक पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीणों को पक्के मकान मिल रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों की कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है। अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग, बिजली बिल भुगतान, पेंशन और बीमा जैसी सेवाएं गांवों तक पहुंच रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिली है। महिलाओं के लिए ‘महतारी सदन’ का निर्माण भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन 2.0 के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है, जिसमें पंचायतों की भूमिका अहम है।
उन्होंने ‘सुशासन तिहार’ के आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के तहत सरचार्ज माफी और रियायत का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सम्मेलन को सांसद बृजमोहन अग्रवाल और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने भी संबोधित किया।
स्टॉलों का अवलोकन, मेगा स्वास्थ्य शिविर की सराहना
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन द्वारा ‘प्रोजेक्ट छांव’ के तहत आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर और विभिन्न प्रोजेक्ट आधारित स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से चर्चा कर उनके आजीविका प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट धड़कन, प्रोजेक्ट दधीचि, प्रोजेक्ट नैनो, प्रोजेक्ट रचना, प्रोजेक्ट स्मृति पुस्तकालय, प्रोजेक्ट पाई-पाई, ग्लोबल गांव, ज्ञान भारतम, प्रोजेक्ट सिग्नल, ‘मेरा गांव मेरी पहचान’, प्रोजेक्ट अजा और प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी सहित विभिन्न नवाचारों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र और प्रोत्साहन राशि वितरित की गई।
उन्होंने ‘प्रोजेक्ट आरोग्यम’ के कटआउट का अवलोकन किया और ‘प्रोजेक्ट हैंडी’ के तहत शासन की योजनाओं पर आधारित संक्षिप्त पुस्तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इन पहलों को आमजन के लिए लाभकारी बताते हुए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू, तेलघानी विकास बोर्ड छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित त्रि-स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



