बालोद में रिश्ते हुए शर्मसार, नशे में बेटे ने तलवार से मां-बाप पर किया वार, पिता की 3 उंगलियां कटी

Man Attack on Parents: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां कोतवाली थाना क्षेत्र के जमरुवा गांव में एक नशे में धुत युवक ने अपने ही माता-पिता पर पूजा कक्ष में रखी तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद राजनांदगांव रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रमोद देवांगन (31 साल) बालोद के औराभाठा में रहकर ईंट भट्ठे में काम करता है। परिवार में शादी का माहौल होने के चलते वह अपने गांव जमरुवा आया हुआ था।
यह भी पढ़ें:- अंधेरे से उजाले की ओर: सुशासन ने बदली दिव्यांग दंपति की जिंदगी
सोमवार रात करीब 8 बजे वह नशे की हालत में घर पहुंचा और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर प्रमोद सीधे पूजा कक्ष में गया और वहां रखी तलवार उठा लाया। इसके बाद उसने अपने पिता गणेश देवांगन (59) और मां कुमारी बाई देवांगन (55) पर अचानक हमला कर दिया। हमले में पिता गणेश देवांगन के दाहिने हाथ की तीन उंगलियां कट गईं, साथ ही सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं मां कुमारी बाई के सिर और हाथ में भी गहरे जख्म हुए हैं। घटना के दौरान घर में मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से घायल दंपती और आरोपी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोपी भी हुआ बेहोश, पुलिस ने किया गिरफ्तार
हमले के बाद आरोपी प्रमोद खुद भी बेहोश होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। घायल पिता गणेश देवांगन के मुताबिक आरोपी उनका बड़ा बेटा है और बिना किसी स्पष्ट कारण के नशे में हमला कर दिया। फिलहाल वारदात की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। बालोद कोतवाली पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। नशे की हालत में हुए इस हमले ने न सिर्फ एक परिवार को तोड़ दिया, बल्कि समाज के सामने भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या नशा अब रिश्तों से भी बड़ा हो गया है ? (Man Attack on Parents)



