बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर बहा खून, 3 युवकों ने की दोस्त के दादा की हत्या

Murder in Dhamtari: धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि तीन युवकों ने अपने ही दोस्त के बुजुर्ग दादा की चाकू मारकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक चार दोस्तों ने साथ बैठकर शराब पीने की योजना बनाई थी। इसी दौरान एक युवक अपने दोस्त की बाइक लेकर शराब लेने गया, लेकिन रास्ते में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद मरम्मत के खर्च को लेकर दोस्तों के बीच विवाद शुरू हो गया।
यह भी पढ़ें:- इतिहास, शोध और शिक्षा को समर्पित डॉ. किशोर कुमार अग्रवाल का प्रेरणादायी जीवन, छत्तीसगढ़ इतिहास के कहलाते हैं ‘एनसाइक्लोपीडिया’
बताया जा रहा है कि बाइक मालिक दोस्त लगातार नुकसान की भरपाई के लिए दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया। मृतक के नाती साहिल निर्मलकर ने किसी तरह 5 हजार रुपए की व्यवस्था कर बाइक मालिक को दिए थे, लेकिन आरोपी पूरी रकम की मांग कर रहे थे। बुधवार देर शाम भखारा के महावीर चौक के पास 65 साल के अनु उर्फ अन्नू निर्मलकर खड़े थे। तभी बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और गाड़ी बनवाने के पैसों को लेकर बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गुस्से में आकर बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। हमला बेहद खौफनाक था। आरोपियों ने बुजुर्ग के गले पर वार किया, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। (Murder in Dhamtari)

घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी चीकू दीवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। एएसपी शैलेन्द्र पांडे ने बताया कि बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में हत्या की वारदात में बदल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोग इस बात से हैरान हैं कि मामूली पैसों के विवाद में युवकों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। एक छोटी सी कहासुनी, शराब का नशा और गुस्से में लिए गए फैसले ने मिलकर एक बुजुर्ग की जान ले ली। धमतरी की यह घटना सिर्फ हत्या नहीं, बल्कि बढ़ती हिंसक मानसिकता और कानून के डर खत्म होने की भी बड़ी चेतावनी मानी जा रही है।



