वाराणसी में जम्मू-तवी एक्सप्रेस में यात्री की गोली मारकर हत्या, ट्रेन से कूदकर फरार हुए बदमाश
Passenger Murder in Train: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में चलती ट्रेन में एक यात्री की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। दरअसल, जम्मू-तवी एक्सप्रेस में रविवार देर रात बदमाशों ने एक यात्री को उस समय निशाना बनाया, जब वह बाथरूम से लौट रहा था। गोली लगते ही यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी ट्रेन की रफ्तार धीमी होने का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना मुगलसराय रेलवे स्टेशन से करीब 3 किलोमीटर पहले ब्लॉक हट-बी के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान बिहार के गया जिले के रहने वाले 42 साल के दिनेश शाह के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ सीतापुर स्थित नैमिषारण्य धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का प्रधानमंत्री पर वार, कहा- देश चलाना मोदी के बस की बात नहीं
जानकारी के मुताबिक दिनेश शाह कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस के S-2 कोच में अपनी पत्नी के साथ सफर कर रहे थे। वहीं उनकी बहन, सास और दो बच्चे जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे। रविवार रात करीब 2 बजे ट्रेन वाराणसी के पास पहुंची थी। इसी दौरान दिनेश शाह बाथरूम गए थे। जैसे ही वह बाहर निकले, अज्ञात बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही कोच में हड़कंप मच गया। यात्री घटनास्थल की ओर दौड़े। दिनेश की पत्नी भी मौके पर पहुंची तो पति को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। घटना के समय ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, जिसका फायदा उठाकर हमलावर ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। (Passenger Murder in Train)
वाराणसी जंक्शन पर उतारा गया शव
घटना की सूचना यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को दी। रात करीब 2:42 बजे ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची, जहां शव को ट्रेन से नीचे उतारा गया। रेलवे पुलिस और जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक मृतक के पास करीब 15 हजार रुपए नकद मिले हैं और उनकी पत्नी के जेवर भी सुरक्षित हैं। ऐसे में शुरुआती जांच में लूट की मंशा स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। रेलवे पुलिस ने बताया कि एक टीम ट्रेन के साथ आगे रवाना की गई, ताकि यात्रियों से पूछताछ कर हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। वहीं दूसरी टीम बिहार के गया जिले स्थित मृतक के गांव भेजी गई है, जहां परिवार और परिचितों से पूछताछ की जाएगी।
दो दिन में ट्रेन में हत्या की दूसरी वारदात
बता दें कि दो दिन के भीतर ट्रेन में हत्या की यह दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार को ही गाजीपुर के रहने वाले मंगरू की पैसेंजर ट्रेन में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक मंगरू कर्नाटक से अपने घर लौट रहे थे। वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से दिलदारनगर होते हुए ताड़ीघाट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में सवार थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी और बैग लेकर फरार हो गए। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। (Passenger Murder in Train)



