रायपुर से बिलासपुर तक पेट्रोल-डीजल को लेकर हंगामा, अफसर बोले- सप्लाई सामान्य, अफवाहों से बढ़ी भीड़

Petrol Diesel Supply Issue: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत राज्य के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल को लेकर बुधवार और गुरुवार को पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई। रायपुर के आमानाका, शहीद स्मारक, सुंदर नगर और घड़ी चौक RDA कॉम्प्लेक्स जैसे प्रमुख पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिली, जिससे कई जगह ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई। लोगों का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली थी कि कई पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं या पेट्रोल खत्म हो गया है, इसलिए वे अपने वाहनों की टंकी फुल कराने के लिए लाइन में लगे। वहीं कुछ जगहों पर पंप बंद मिलने से भी भीड़ अन्य चालू पंपों पर और बढ़ गई।
यह भी पढे़ं:- दुनिया पर नया वायरस खतरा? खांसी-बुखार से शुरू होकर मौत तक पहुंचता है हंता वायरस, WHO की चेतावनी के बाद बढ़ी चिंता
इधर, प्रशासन ने इन सभी आशंकाओं को खारिज करते हुए साफ कहा है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। रायपुर के अपर कलेक्टर कीर्तिमान राठौर ने बताया कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और जरूरत के अनुसार टैंकरों के जरिए पेट्रोल पंपों तक आपूर्ति लगातार की जा रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप संचालकों और तेल कंपनियों के साथ बैठक भी की गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पैनिक बाइंग न करें। पेट्रोलियम कंपनियों से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कुछ जगहों पर सप्लाई बाधित होने की वजह भुगतान संबंधी दिक्कतें और लॉजिस्टिक कारण बताए जा रहे हैं, लेकिन अब इन समस्याओं को सुलझाकर टैंकरों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई है।
सप्लाई चेन सामान्य, कुछ तकनीकी कारण: पेट्रोलियम कंपनियां
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से भी संकेत दिए गए हैं कि सप्लाई चेन सामान्य है और जल्द ही सभी प्रभावित पंपों पर आपूर्ति बहाल हो जाएगी। बिलासपुर में स्थिति रायपुर से ज्यादा गंभीर नजर आई, जहां शहर और आउटर के करीब 13 पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो गए। यहां ज्यादातर असर HPCL के पंपों पर देखा गया, जबकि BPCL और IOCL के कुछ पंपों में भी पेट्रोल-डीजल की कमी सामने आई। बताया गया कि कुछ पंपों को समय पर टैंकर नहीं मिले, जिससे बुधवार को कई स्टेशनों पर ईंधन खत्म हो गया। हालांकि अब कंपनियों को भुगतान किए जाने के बाद टैंकर डिपो से रवाना कर दिए गए हैं और जल्द ही सप्लाई बहाल होने की उम्मीद है। (Petrol Diesel Supply Issue)
लोगों में दहशत और अफवाहों का असर
इसी बीच बिलासपुर कलेक्टर ने कमर्शियल उपयोग के लिए पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर रोक लगा दी है और स्पष्ट किया है कि जिले में बड़ी शॉर्टेज नहीं है, सप्लाई सामान्य करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं अंबिकापुर, दुर्ग, रायगढ़ और सरगुजा जैसे जिलों में पेट्रोल-डीजल की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और वहां किसी तरह की लंबी कतारें या संकट की स्थिति नहीं देखी गई है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के केल्हारी क्षेत्र में हालांकि कुछ पंपों पर भीड़ जरूर देखने को मिली, जहां सीमित मात्रा में ही पेट्रोल दिया जा रहा है। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में पेट्रोल संकट से ज्यादा स्थिति अफवाहों के कारण बनी पैनिक बाइंग जैसी दिख रही है, जिससे कुछ जगहों पर अस्थायी दबाव जरूर बढ़ा है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे अफवाहों से बचें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें।



