‘NTA में सुधार की जरूरत, दोषियों को नहीं बख्शेंगे’: नीट पेपर लीक मामले में बोले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज शुक्रवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। सरकार मामले की तह तक जाएगी और शिक्षा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता में शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि NEET-UG 2026 की पुनः परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा और पहले जमा की गई परीक्षा फीस भी वापस की जाएगी।
“परीक्षा माफियाओं से हमारी लड़ाई”
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आते ही जांच शुरू की गई और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा,
“हम नहीं चाहते थे कि शिक्षा माफिया या फर्जी उम्मीदवारों की वजह से किसी मेहनती छात्र का अधिकार छिन जाए। हमारी लड़ाई परीक्षा माफियाओं से है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
NTA में सुधार की जरूरत स्वीकार
शिक्षा मंत्री ने माना कि परीक्षा प्रणाली में कुछ खामियां सामने आई हैं और NTA के सिस्टम को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन समिति की सिफारिशें लागू होने के बावजूद चूक कैसे हुई, इसकी गहन जांच की जाएगी।
प्रधान ने कहा कि NTA हर साल करीब एक करोड़ छात्रों की परीक्षाएं आयोजित करता है, इसलिए संस्था में “जीरो एरर” सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
अगले साल से ऑनलाइन होगी NEET परीक्षा
धर्मेंद्र प्रधान ने ऐलान किया कि अगले वर्ष से NEET परीक्षा को कंप्यूटर आधारित (Computer Based Test) किया जाएगा। फिलहाल परीक्षा OMR शीट पर होती है, जिससे पेपर लीक जैसी घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में:
OMR शीट व्यवस्था खत्म की जाएगी
परीक्षा अवधि में 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा
छात्रों को परीक्षा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का समय मिलेगा
14 जून तक जारी होंगे एडमिट कार्ड
शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि NEET-UG 2026 री-एग्जाम के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे। साथ ही परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
“दो अलग-अलग राय सामने आईं”
प्रधान ने कहा कि परीक्षा रद्द करने के फैसले को लेकर देशभर में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ छात्र पुनः परीक्षा के पक्ष में थे, जबकि कुछ इसके विरोध में। उन्होंने कहा कि सरकार दोनों पक्षों की भावनाओं का सम्मान करती है और निष्पक्ष समाधान निकालना उसका दायित्व है।
अफवाहों से सावधान रहने की अपील
शिक्षा मंत्री ने छात्रों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक खबरों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल सरकार और NTA के आधिकारिक बयानों पर ही भरोसा किया जाए।
CBI कर रही मामले की जांच
पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है। सरकार का कहना है कि जांच एजेंसी पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और किसी भी स्तर पर मिलीभगत पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :- NEET UG 2026 परीक्षा फिर होगी आयोजित, NTA ने घोषित की नई तारीख



