फैमिली कोर्ट के बाहर पति ने तीन बार बोला “तलाक”, जान से मारने की धमकी देने का आरोप
Triple Talaq : बिलासपुर में फैमिली कोर्ट परिसर के बाहर एक महिला को सार्वजनिक रूप से तीन बार “तलाक” (Triple Talaq) बोलकर रिश्ता खत्म करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली एक मुस्लिम महिला की शादी करीब दो वर्ष पहले शहर के ही युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। लगातार विवाद और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर महिला मायके में रहने लगी थी।
पीड़िता ने इससे पहले पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला भी दर्ज कराया था, जिसकी जांच जारी है। साथ ही महिला ने भरण-पोषण के लिए न्यायालय में आवेदन भी लगाया था। इसी मामले की सुनवाई के सिलसिले में वह अपने परिजनों के साथ कुटुंब न्यायालय पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि सुनवाई के दौरान महिला जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के लिए कोर्ट परिसर से बाहर गई थी। इसी दौरान आरोपी पति ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि पति ने महिला पर परिवार और जीवन बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
महिला के मुताबिक विवाद के दौरान आरोपी ने सार्वजनिक रूप से तीन बार “तलाक” (Triple Talaq) बोलते हुए रिश्ता खत्म करने की बात कही और दोबारा चेहरा नहीं दिखाने की चेतावनी दी। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम सहित धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



