पार्षद समेत 4 आरोपियों ने युवक की हत्या कर महानदी किनारे दफनाया शव, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफनाने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे सहित चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद निवासी ईश्वरी यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति भुनेश्वर यादव (38) 22 मई की रात करीब 10 बजे नोहर दास रात्रे के गोदाम से बिना बताए कहीं चले गए थे और इसके बाद वापस नहीं लौटे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतक के साथ अंतिम बार देखे गए लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
तकनीकी जांच और सख्त पूछताछ के बाद आरोपी नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे, अमित राजपूत और हेमचंद बंजारे उर्फ सोनू ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन सभी लोग गोदाम में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान शराब खत्म होने पर विवाद शुरू हुआ।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान मृतक भुनेश्वर यादव ने पार्षद को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज की और थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज होकर आरोपियों ने मिलकर युवक पर हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
महानदी किनारे रेत में दफनाया शव
हत्या के बाद आरोपी घबरा गए और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को ब्रेजा कार में रखकर महासमुंद जिले के ग्राम नांदगांव के पास महानदी किनारे ले गए। वहां रेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया।
पुलिस की निशानदेही पर 28 मई 2026 को परिजनों की मौजूदगी में शव को रेत से बाहर निकाला गया। परिजनों ने शव की पहचान भुनेश्वर यादव के रूप में की।
चार आरोपी हिरासत में
पुलिस ने मामले में पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे, अमित राजपूत, हेमचंद बंजारे और श्रवण जांगड़े को हिरासत में लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।
घटना स्थल महासमुंद जिले में होने के कारण आगे की कानूनी कार्रवाई महासमुंद पुलिस द्वारा मर्ग और अपराध क्रमांक 322/26 के तहत की जा रही है।
यह भी पढ़े :- कॉकरोच जनता पार्टी को हाईकोर्ट से बड़ा झटका, X अकाउंट बहाल करने से इनकार



