Google Analytics —— Meta Pixel

कर्नाटक में 25 एकड़ जमीन के झगड़े में नरसंहार, एक ही परिवार के 5 समेत 6 लोगों की हत्या, 15 साल पुरानी दुश्मनी का खूनी अंजाम

Mass Murder in Karnataka: कर्नाटक के विजयपुरा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सालों पुराने जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जिले के चडाचन थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमले में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के मुताबिक यह वारदात दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो परिवारों के बीच सालों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर जब एक पक्ष के लोग जमीन और पंचायत से जुड़े मामले में बातचीत के लिए जा रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें:- पत्रकारिता ने राष्ट्र निर्माण और सामाजिक परिवर्तन में निभाई ऐतिहासिक भूमिका : मुख्यमंत्री साय

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने पहले पीड़ितों पर हमला किया और फिर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। कुछ स्थानीय लोगों ने गोलीबारी की भी आशंका जताई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और इस्तेमाल किए गए हथियारों की पुष्टि हो सकेगी। जांच में सामने आया है कि निराले परिवार और दूसरे पक्ष के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। अधिकारियों के मुताबिक विवादित जमीन करीब 10 से 25 एकड़ के बीच बताई जा रही है। बताया गया कि निराले परिवार ने हाल ही में यह जमीन खरीदी थी और उस पर कब्जा लेने की प्रक्रिया में था। इसी दौरान पुरानी रंजिश और स्वामित्व विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। (Mass Murder in Karnataka)

जांच में यह पहलू भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी कोई नई नहीं थी। पुलिस पुराने आपराधिक मामलों और साल 2015 में हुई एक हत्या से जुड़े एंगल की भी जांच कर रही है, जिससे इस विवाद की जड़ें और गहरी होने की आशंका जताई जा रही है। इस सामूहिक हत्याकांड में जान गंवाने वालों की पहचान दुंडप्पा रेवनसिद्दप्पा निराले (65), शिवपुत्र रेवनसिद्दप्पा निराले (58), चंद्रकांत उर्फ चंदू रेवनसिद्दप्पा निराले (55), राहुल शिवपुत्र निराले (25), समर्थ शिवपुत्र निराले (23) और शब्बीर बाबूसाब अत्तर (45) के रूप में हुई है। मृतकों में पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। वहीं अरविंद कटागे (72) और संदीप माने (33) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को विजयपुरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। (Mass Murder in Karnataka)

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही चडाचन थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। विजयपुरा पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबर्गी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव था। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 6 लोगों की एक साथ हत्या की इस वारदात से पूरे गोविंदपुरा गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि जमीन और संपत्ति को लेकर सालों से चले आ रहे विवाद किस तरह भयावह और हिंसक रूप ले सकते हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

Back to top button
error: Content is protected !!