‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के बेटे का जिक्र, पीएम मोदी ने जशपुर के धावक अनिमेष कुजूर से की बातचीत
Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को प्रसारित अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) के 134वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के युवा एथलीट अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों की सराहना की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी धावकों गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से फोन पर बातचीत की, जिसे देशभर के श्रोताओं ने सुना।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल ही में रांची में आयोजित राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स महासंघ प्रतियोगिता में कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे हैं। उन्होंने गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टी.के., तेजस्विन शंकर, देव मीना और कुलदीप कुमार को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी।
पीएम मोदी ने विशेष रूप से 100 मीटर दौड़ का जिक्र करते हुए कहा कि महज दो दिनों के भीतर इस स्पर्धा का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा, जो भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस रिकॉर्ड को बनाने वाले दो प्रमुख एथलीट गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर हैं, इसलिए उन्होंने दोनों खिलाड़ियों से सीधे बातचीत करने का निर्णय लिया।
बातचीत के दौरान अनिमेष कुजूर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2021 में स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद एथलेटिक्स की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के बाद उनके फुटबॉल खेलने वाले दोस्तों ने उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उनका चयन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ और आज वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
वहीं, गुरिंदरवीर सिंह ने बताया कि वे भारतीय नौसेना में पेटी ऑफिसर हैं और 10.1 सेकंड से कम समय में 100 मीटर दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय एथलीट बने हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता और महान धावक मिल्खा सिंह से मिली प्रेरणा को दिया।
गर्मी से बचाव और पारंपरिक पेय पदार्थों का भी किया जिक्र
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, धूप से बचाव करना और सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने भारत के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचलित पारंपरिक पेय पदार्थों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत का आम पन्ना, पंजाब-हरियाणा की लस्सी, राजस्थान-गुजरात की छाछ, बिहार-झारखंड का सत्तू शरबत, कोंकण और गोवा का कोकम शरबत व सोल कढ़ी, दक्षिण भारत का पनाकम और ओडिशा का बेला पन्ना न केवल गर्मी से राहत देते हैं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी दर्शाते हैं। (Mann Ki Baat)
यह भी पढ़े :- खेती में बदलाव की नई राह: नैनो यूरिया और नैनो डीएपी से घटेगी लागत, बढ़ेगा उत्पादन



