Google Analytics —— Meta Pixel

दो बसों की आमने-सामने टक्कर में 7 यात्रियों की मौत, 10 से ज्यादा घायल, एक बस में लगी आग

Road Accident in Gujarat: गुजरात के सूरत जिले के बारडोली क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे ने सात लोगों की जान ले ली, जबकि 10 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। दो यात्री बसों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर के बाद एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों को बस से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। जानकारी के मुताबिक दोनों बसें महाराष्ट्र की थी और अपने-अपने गंतव्यों की ओर जा रही थी। दुर्घटना उस समय हुई जब सड़क पर एक टैंकर पलट गया था। टैंकर को बचाने की कोशिश में एक बस चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी बस से सीधे टकरा गई।

यह भी पढ़ें:- Balodabazar News: व्यापारियों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिला चेंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बस सड़क किनारे पलट गई और उसमें तुरंत आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस पलटने और आग लगने के कारण कई यात्री अंदर ही फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण राहत कार्य में परेशानी आई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में घायल हुए यात्रियों को तत्काल बारडोली और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सूरत जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की। कलेक्टर तेजस पटेल ने बताया कि दुर्घटना शाम लगभग 4:30 बजे हुई। कुल 17 घायलों का इलाज बारडोली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया, जिनमें अधिकांश की हालत स्थिर है। (Road Accident in Gujarat)

 

वहीं सात घायलों को सूरत सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर देश में सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष रूप से चलती बसों में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले तीन सालों में देशभर में चलती बसों में आग लगने की 45 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें कुल 64 लोगों की मौत हुई है और 145 लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 2023 में बसों में आग लगने की 11 घटनाएं हुईं, जिनमें एक व्यक्ति की मौत हुई।

2024 में ऐसी 20 घटनाओं में 31 लोगों ने जान गंवाई, जबकि 2025 में अब तक 14 घटनाओं में 32 मौतें दर्ज की जा चुकी हैं। हालांकि आंध्र प्रदेश के कर्नूल में अक्टूबर 2025 में हुई भीषण बस दुर्घटना, जिसमें 20 लोगों की मौत हुई थी, इन आंकड़ों में शामिल नहीं है।लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए केंद्र सरकार ने बस सुरक्षा मानकों को और सख्त किया है। मंत्रालय के मुताबिक एआईएस-119 (AIS-119) सुरक्षा मानकों में संशोधन कर सभी बसों में फायर एक्सटिंग्विशर और अतिरिक्त आपातकालीन निकास अनिवार्य किया गया है। साथ ही फ्यूल सिस्टम और इलेक्ट्रिकल वायरिंग से जुड़े सुरक्षा प्रावधानों को भी मजबूत किया गया है।

सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी

राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि पुराने वाहनों में भी आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं और हर दुर्घटना की जांच रिपोर्ट समय पर तैयार की जाए। बारडोली का यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि यात्री सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवालों को भी सामने लाता है। तेज रफ्तार, सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी आज भी कई जिंदगियों पर भारी पड़ रही है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर कब तक सड़क हादसों में यात्रियों की जान जाती रहेगी और सुरक्षा उपाय जमीनी स्तर पर पूरी तरह प्रभावी कब होंगे ? (Road Accident in Gujarat)

Back to top button
error: Content is protected !!