ईरान का कुवैत-बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर हमला, अमेरिका बोला- सभी हमले नाकाम, मिडिल ईस्ट में फिर बढ़ा तनाव

Iran Attack on US Bases: मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव बुधवार को एक नए और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। ईरान के मुताबिक इन हमलों का निशाना अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय, सैन्य एयरबेस और हेलीकॉप्टर सुविधाएं थी। हालांकि अमेरिकी सेना ने ईरान के दावों को खारिज करते हुए कहा कि सभी हमलों को समय रहते विफल कर दिया गया और किसी भी अमेरिकी सैनिक, सैन्य उपकरण या प्रतिष्ठान को नुकसान नहीं पहुंचा। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि ईरान ने क्षेत्रीय देशों की दिशा में कई बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे, लेकिन अमेरिकी और सहयोगी देशों की वायु रक्षा प्रणालियों ने उन्हें सफलतापूर्वक रोक लिया।
यह भी पढ़ें:- दो बसों की आमने-सामने टक्कर में 7 यात्रियों की मौत, 10 से ज्यादा घायल, एक बस में लगी आग
CENTCOM के मुताबिक कुवैत की ओर दागी गई दो मिसाइलें या तो अपने लक्ष्य से भटक गईं या उड़ान के दौरान ही नष्ट कर दी गईं। वहीं बहरीन की ओर छोड़ी गई तीन मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन की संयुक्त एयर डिफेंस प्रणाली ने हवा में ही मार गिराया। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि किसी भी सैन्य ठिकाने को नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सैनिक सुरक्षित हैं। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि मिसाइल हमलों के कुछ घंटों बाद ईरान ने कुवैत में तैनात अमेरिकी बलों को निशाना बनाकर एक और ड्रोन हमला किया। CENTCOM के मुताबिक अमेरिकी एयर डिफेंस सिस्टम ने कई ड्रोन को समय रहते पहचान लिया और उन्हें मार गिराया। इस घटना में भी किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है। (Iran Attack on US Bases)
ईरान का दावा- जवाबी कार्रवाई का हिस्सा हैं हमले
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में ईरान समर्थित समूहों और ईरानी सैन्य प्रतिष्ठानों की ओर से अमेरिकी हितों को निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिसके चलते क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक IRGC ने इन हमलों को अमेरिका की हालिया सैन्य कार्रवाइयों के जवाब के रूप में पेश किया है। ईरान का कहना है कि अमेरिकी सेना लगातार उसके सैन्य और आर्थिक हितों को निशाना बना रही है, जिसके कारण जवाबी कार्रवाई की गई। ईरानी अधिकारियों ने कहा कि अगर अमेरिका क्षेत्र में अपने हमले जारी रखता है तो आगे और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं। वहीं अमेरिकी प्रशासन ने चेतावनी दी है कि उसके सैनिकों या ठिकानों पर किसी भी सफल हमले का जवाब निर्णायक तरीके से दिया जाएगा। (Iran Attack on US Bases)
खाड़ी में सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
बहरीन में अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा स्थित है, जो फारस की खाड़ी, लाल सागर और अरब सागर में अमेरिकी सैन्य अभियानों का प्रमुख केंद्र माना जाता है। वहीं कुवैत में भी हजारों अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। ऐसे में इन ठिकानों पर हमले के दावों ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं। विश्लेषकों का मानना है कि अगर दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई इसी तरह जारी रहती है तो इसका असर पूरे मध्य पूर्व पर पड़ सकता है। खाड़ी देशों ने अभी तक संयम बरतने की अपील की है, लेकिन लगातार बढ़ते हमले और जवाबी कार्रवाई क्षेत्र को बड़े संघर्ष की ओर धकेल सकते हैं। लगातार बढ़ते सैन्य टकराव के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की है। हालांकि हालिया घटना से संकेत मिल रहे हैं कि मध्य पूर्व में संघर्ष और ज्यादा व्यापक रूप ले सकता है।



