Google Analytics —— Meta Pixel

डिजिटल दुनिया में बढ़ता साइबर खतरा, एक क्लिक की चूक और खाली हो सकता है बैंक खाता, जानिए कैसे रहें सुरक्षित ?

Protection From Cyber Fraud: डिजिटल क्रांति ने लोगों की जिंदगी को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है। बैंकिंग से लेकर शॉपिंग, बिल भुगतान, टिकट बुकिंग और सरकारी सेवाओं तक, लगभग हर काम अब मोबाइल और इंटरनेट के जरिए घर बैठे हो रहा है, लेकिन सुविधा के इस दौर के साथ साइबर अपराध का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। आज हर व्यक्ति के मन में यह डर बना रहता है कि कहीं वह किसी साइबर ठगी का शिकार न हो जाए। साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री सचिवालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अधिकारियों के बीच हुआ नए सिरे से कार्य विभाजन

फर्जी कॉल, नकली वेबसाइट, फिशिंग लिंक, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, क्यूआर कोड ठगी और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले धोखाधड़ी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। हैरानी की बात यह है कि सिर्फ आम लोग ही नहीं, बल्कि पढ़े-लिखे और तकनीकी रूप से जागरूक लोग भी इन ठगी का शिकार बन रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि साइबर अपराधियों से बचने का सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता है। अगर लोग सतर्क रहें और डिजिटल सुरक्षा के बुनियादी नियमों का पालन करें तो अधिकांश साइबर ठगी से बचा जा सकता है। (Protection From Cyber Fraud)

साइबर ठगी से बचने के लिए जरूरी सावधानियां

  • डिजिटल अरेस्ट जैसे झांसे से सावधान रहें।
  • अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
  • बैंक खाता, एटीएम कार्ड और वित्तीय जानकारी सुरक्षित रखें।
  • ओटीपी, यूपीआई पिन और पासवर्ड किसी को न बताएं।
  • किसी भी तरह के लालच या आकर्षक ऑफर के झांसे में न आएं।
  • संदिग्ध लिंक, वेबसाइट और मोबाइल ऐप डाउनलोड करने से बचें।
  • किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।
  • सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय सतर्क रहें।

साइबर अपराध के प्रमुख प्रकार

डिजिटल अरेस्ट स्कैम- ठग खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल करते हैं और गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे ऐंठते हैं।

फिशिंग- फर्जी ईमेल, मैसेज या वेबसाइट के जरिए बैंकिंग और निजी जानकारी चोरी की जाती है।

लॉटरी और इनाम स्कैम- लाखों रुपए की लॉटरी या इनाम जीतने का दावा कर लोगों से प्रोसेसिंग फीस या बैंक डिटेल्स मांगी जाती हैं।

वर्क-फ्रॉम-होम और निवेश स्कैम- घर बैठे मोटी कमाई और कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लोगों से रकम निवेश करवाई जाती है।

पार्ट-टाइम जॉब स्कैम- ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर पहले छोटे भुगतान कर विश्वास जीतते हैं और बाद में बड़ी रकम ठग लेते हैं।

ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड- ठग ओटीपी या यूपीआई पिन हासिल कर खाते से रकम निकाल लेते हैं।

इन्वेस्टमेंट और ट्रेडिंग फ्रॉड- फर्जी ट्रेडिंग ऐप और निवेश योजनाओं के जरिए लोगों को भारी मुनाफे का लालच दिया जाता है।

पार्सल फ्रॉड- कस्टम या कुरियर एजेंसी का अधिकारी बनकर पार्सल में अवैध सामान होने का डर दिखाया जाता है।

डीपफेक स्कैम- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से किसी व्यक्ति की नकली आवाज या वीडियो बनाकर ठगी की जाती है।

रिमोट एक्सेस स्कैम- मोबाइल या कंप्यूटर में रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल कराकर बैंकिंग और निजी जानकारी हासिल की जाती है।

लव और मैट्रिमोनियल स्कैम- सोशल मीडिया या मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए दोस्ती कर भावनात्मक रूप से फंसाया जाता है और बाद में पैसे की मांग की जाती है।

साइबर फ्रॉड होने पर क्या करें ?

अगर किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो समय पर कार्रवाई बेहद अहम होती है।

  • तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।
  • राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
  • संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था से तुरंत संपर्क करें।
  • डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और बैंक खाते को ब्लॉक करवाएं।
  • सभी पासवर्ड और यूपीआई पिन तत्काल बदल दें।
  • साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

ऐसे पहचानें संदिग्ध मैसेज ?

साइबर अपराधी लोगों को जाल में फंसाने के लिए अक्सर ऐसे मैसेज भेजते हैं, जिनमें कुछ सामान्य संकेत दिखाई देते हैं। ऐसे संदेशों में वैध पहचान चिह्न (G, T, S या P) नहीं होते, जबकि इनमें डर या घबराहट पैदा करने की कोशिश की जाती है। उदाहरण के तौर पर आपका बैंक खाता बंद हो जाएगा या बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा जैसे संदेश भेजे जाते हैं। कई बार ठग अत्यधिक लालच देने वाले ऑफर भी देते हैं, जैसे आपकी लॉटरी लग गई है या तुरंत सस्ता लोन पाएं। इसके अलावा ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी मांगना भी साइबर ठगी का बड़ा संकेत है। ऐसे संदेशों में अक्सर भाषा और स्पेलिंग की गलतियां होती हैं और तुरंत कार्रवाई करने का दबाव बनाया जाता है। वहीं संदेश में दिया गया वेबसाइट लिंक भी असामान्य, छोटा या संदिग्ध दिखाई देता है। ऐसे किसी भी मैसेज पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना बेहद जरूरी है। (Protection From Cyber Fraud)

NCRB रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता

देश में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक देश में साइबर अपराध के मामलों में 31.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। साल 2022 में जहां 65,893 साइबर अपराध के मामले दर्ज हुए थे, वहीं 2023 में यह संख्या बढ़कर 86,420 पहुंच गई। इनमें लगभग 68.9 प्रतिशत मामले धोखाधड़ी से जुड़े थे। ताजा NCRB आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 में साइबर अपराध के मामले बढ़कर 1,01,928 तक पहुंच गए, जिनमें सबसे ज्यादा मामले वित्तीय धोखाधड़ी और ऑनलाइन फ्रॉड से संबंधित रहे। विशेषज्ञों का कहना है कि जिस तेजी से डिजिटल सेवाओं का विस्तार हो रहा है, उसी गति से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है, क्योंकि आज के दौर में साइबर अपराधियों से बचाव का सबसे बड़ा हथियार तकनीक नहीं, बल्कि सतर्कता और जागरूकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!