दिल्ली अग्निकांड: होटल में जिंदा जल गए लोग, 21 मौतों के बाद उठे बड़े सवाल, रिहायशी इलाके में कैसे बन गया होटल हब ?

Delhi Fire Incident Update: राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 11 विदेशी नागरिक शामिल हैं। मृतकों में बांग्लादेश और अफ्रीकी देशों के नागरिक भी बताए जा रहे हैं। आग इतनी भयावह थी कि कई लोग कमरे, कॉरिडोर और रिसेप्शन पर उसी हालत में जले हुए मिले, जिसमें वे आखिरी बार बैठे या सोए थे। हादसे के बाद सामने आई प्रत्यक्षदर्शियों की बातें न सिर्फ रोंगटे खड़े कर देने वाली हैं, बल्कि होटलों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक निगरानी और अवैध निर्माणों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
हौजरानी निवासी रोज की तरह सुबह काम पर जा रहे थे। मालवीय नगर पहुंचने पर उन्होंने फ्लरिश स्टे होटल से घना धुआं निकलते देखा। वे तुरंत होटल के पास पहुंचे, जहां उनके चाचा और भाई लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे थे। उनके मुताबिक होटल के बाहर लोगों ने गद्दे लगाकर रेस्क्यू शुरू किया। होटल स्टाफ के कुछ लोग सबसे पहले खिड़की से कूदकर बाहर आए। उन्हीं से जानकारी मिली कि होटल के अंदर 40 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं, जिनमें अधिकांश विदेशी नागरिक हैं। कई मेहमान गहरी नींद में थे और उन्हें आग लगने की जानकारी तक नहीं थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन इलाके में भारी ट्रैफिक जाम होने के कारण राहत दल को मौके तक पहुंचने में समय लग गया।

गद्दों के सहारे बची कई जिंदगियां
होटल के सामने गद्दे की दुकान चलाने वाले ने बताया कि आग इतनी भयानक थी कि लोग खिड़कियों से जान बचाने के लिए कूदने को मजबूर हो गए। उन्होंने बताया कि दुकान से गद्दे निकालकर एक के ऊपर एक पांच से छह गद्दे लगाए गए, जिसके सहारे करीब आठ लोगों ने खिड़की से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। हालांकि कई लोग कूदने के दौरान घायल भी हुए। उनके मुताबिक आग पर कुछ हद तक काबू पाने के बाद स्थानीय लोग होटल के अंदर पहुंचे। वहां धुएं से बेहोश पड़े लोगों को चादरों में लपेटकर बाहर निकाला गया। करीब 40 से 45 लोगों को रेस्क्यू किया गया, लेकिन कई लोग धुएं और आग की चपेट में आकर दम तोड़ चुके थे।
रिसेप्शन पर बैठी लड़की उसी हालत में जली मिली
रेस्क्यू अभियान में शामिल एक शख्स ने बताया कि आग बुझने के बाद भी होटल का दृश्य बेहद भयावह था। उनके मुताबिक ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पूरी तरह आग की चपेट में थे। फर्स्ट फ्लोर के रिसेप्शन पर बैठी एक युवती उसी अवस्था में जली हुई मिली, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आग कितनी तेजी से फैली होगी। उन्होंने बताया कि बेसमेंट तक आग नहीं पहुंची थी, इसलिए शटर काटकर अंदर जाने की कोशिश की गई। घने अंधेरे और धुएं के बीच बाथरूम और कमरों से लोगों को खोजकर निकाला गया। अधिकांश लोग बेहोश थे। कई लोगों को सीपीआर देकर अस्पताल भेजा गया। होटल के पास मेडिकल स्टोर चलाने वाले ने बताया कि इलाके में मैक्स अस्पताल होने के कारण हमेशा भारी भीड़ रहती है। विदेशों से इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजन आसपास के होटलों में रुकते हैं। (Delhi Fire Incident Update)
रिहायशी इलाके में होटलों की भरमार
उन्होंने कहा कि सालों से सड़क चौड़ीकरण की योजना लंबित है। दो लेन की सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को मौके तक पहुंचने में कठिनाई हुई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पूरे इलाके में चल रहे होटलों की वैधता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासी का आरोप है कि इलाके में ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट और होम स्टे के नाम पर बड़े होटल संचालित किए जा रहे हैं। नियमों के अनुसार जहां सीमित कमरों वाले होम स्टे की अनुमति होती है, वहीं कई स्थानों पर तीन से चार मंजिला इमारतों में 20 से 25 कमरों वाले होटल चल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इनमें न पर्याप्त फायर सेफ्टी सिस्टम है, न इमरजेंसी एग्जिट और न ही उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था। (Delhi Fire Incident Update)

500 मीटर के दायरे में 8 से 10 होटल
जांच में सामने आया है कि जिस फ्लरिश स्टे होटल में आग लगी, उसके आसपास महज 400 से 500 मीटर के दायरे में 8 से 10 होटल संचालित हो रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि फ्लरिश स्टे समेत आसपास के तीन होटल एक ही मालिक के बताए जा रहे हैं, जिसमें फ्लरिश स्टे, फ्लरिश इन गेस्ट हाउस और ग्रीन रेजीडेंसी होटल शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान फ्लरिश इन गेस्ट हाउस के बेसमेंट में कई गंभीर खामियां सामने आईं। बेसमेंट में कमरे और किचन तो मिले, लेकिन वहां न फायर एक्सटिंग्विशर दिखाई दिए और न ही वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था थी। फ्लरिश इन गेस्ट हाउस में बेसमेंट तक पहुंचने के लिए केवल एक संकरा रास्ता है, जहां से एक समय में मुश्किल से एक व्यक्ति ही निकल सकता है। किसी भी प्रकार का वैकल्पिक इमरजेंसी एग्जिट नहीं मिला। ऊपरी मंजिलों में भी फिक्स ग्लास वाली खिड़कियां लगी हैं, जिन्हें तोड़े बिना बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में लोगों का सुरक्षित बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो सकता है।
हिरासत में होटल मालिक
हादसे के बाद पुलिस ने आग लगने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर होटल मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में ले लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि होटल में फायर सेफ्टी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं और अगर नहीं, तो संबंधित अधिकारियों की भूमिका क्या रही। दिल्ली के इस दर्दनाक अग्निकांड ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या रिहायशी इलाकों में नियमों को दरकिनार कर होटल चलाए जा रहे हैं? क्या फायर सेफ्टी ऑडिट सिर्फ कागजों तक सीमित हैं? क्या प्रशासन ने अवैध निर्माण और होटल संचालन पर आंखें मूंद रखी थीं? आखिर आपदा की स्थिति में लोगों के सुरक्षित निकलने की व्यवस्था क्यों नहीं थी? और सबसे बड़ा सवाल, क्या 21 मौतों के बाद भी व्यवस्था में कोई बदलाव आएगा? यह हादसा सिर्फ एक होटल में लगी आग नहीं, बल्कि शहरी नियोजन, सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक जवाबदेही की गंभीर विफलता का प्रतीक बनकर सामने आया है। जांच जारी है, लेकिन पीड़ित परिवारों के लिए यह त्रासदी एक ऐसा घाव छोड़ गई है जो शायद कभी नहीं भर पाएगा।




