Google Analytics —— Meta Pixel

शराब के लिए कांग्रेस भवन से चुराईं 73 नल टोंटियां, तीन आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। शहर के कलेक्ट्रेट चौक स्थित कांग्रेस भवन (राजीव भवन) से नल टोंटी चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने करीब 20 दिन पहले भवन परिसर से 73 नलों की टोंटियां उखाड़कर चोरी कर ली थीं। मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

यह भी पढ़े :- सौतेले पिता ने 11 वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव चंबल में फेंका, 7 दिन तक रचता रहा अपहरण की कहानी

जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना के बाद भवन के वॉशरूम में आरोपियों ने फर्श पर ‘I Love You’ भी लिख दिया था, जिसके कारण यह मामला चर्चा का विषय बन गया था। घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी दौरान गुरुवार को युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष और कार्यकर्ताओं ने संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस भवन में लगी नल टोंटियां उच्च गुणवत्ता की थीं, लेकिन आरोपियों ने शराब पीने के लिए उन्हें कबाड़ में मात्र 600 रुपये में बेच दिया। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति को भी पकड़ लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

कोतवाली थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!