Google Analytics —— Meta Pixel

अन्नामलाई ने BJP छोड़ शुरू किया नया राजनीतिक आंदोलन, नई पार्टी को 10 घंटे में 10 लाख समर्थक 

Annamalai Launches New Party: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष K. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी छोड़ने के बाद नया राजनीतिक आंदोलन शुरू कर दिया है। अन्नामलाई ने कहा है कि उनकी नई पार्टी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ से लॉन्च के महज 10 घंटे के भीतर 10 लाख से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं और बड़ी संख्या में लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। अन्नामलाई ने इस समर्थन को तमिलनाडु के भविष्य के लिए जनता की आकांक्षाओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि लोगों की ओर से संचालित एक जनआंदोलन है, जिसका उद्देश्य राज्य की राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाना है।

यह भी पढे़ं:- इबोला को लेकर छत्तीसगढ़ सतर्क, दुर्ग में तीन विदेशी नागरिक क्वारंटाइन

अन्नामलाई ने 2 जून को भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे की जानकारी बाद में सार्वजनिक हुई। इसके बाद 5 जून को उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर अपनी नई राजनीतिक पहल की घोषणा की। नई पार्टी की घोषणा के साथ ही उन्होंने कहा कि उनका संगठन साल 2031 में होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा। अन्नामलाई के फैसले को भाजपा के भीतर से भी समर्थन मिल रहा है। तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष करु नागराजन ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। नागराजन ने कहा कि उन्होंने और कई अन्य भाजपा नेताओं ने अन्नामलाई के साथ खड़े होने का निर्णय लिया है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में भाजपा के कुछ और नेता और कार्यकर्ता भी अन्नामलाई के नए राजनीतिक मंच से जुड़ सकते हैं।

चेन्नई एयरपोर्ट पर समर्थकों का जुटा था हुजूम

नई पार्टी की घोषणा के बाद अन्नामलाई 5 जून की रात दिल्ली से चेन्नई पहुंचे। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। समर्थकों ने नारेबाजी कर उनका स्वागत किया और नई राजनीतिक शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में अन्नामलाई ने कहा कि उनकी पार्टी तमिलनाडु की राजनीति में नई सोच और नई कार्यसंस्कृति लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता लोगों की समस्याओं को केंद्र में रखना है और राजनीति को केवल कुछ प्रभावशाली परिवारों या आर्थिक रूप से संपन्न वर्ग तक सीमित नहीं रहने देना है। उन्होंने दावा किया कि आम लोगों की भागीदारी बढ़ाकर राजनीति को अधिक लोकतांत्रिक बनाया जाएगा। (Annamalai Launches New Party)

लॉन्च किया नया प्लेटफॉर्म और संस्थान

अन्नामलाई ने ‘We The Leaders’ नाम से एक नया राजनीतिक एवं सामाजिक मंच भी शुरू किया है। इसके साथ ही उन्होंने कोयंबटूर में एपीजे अब्दुल कलाम सेंटर फॉर एथिक्स एंड पॉलिटिक्स स्थापित करने की घोषणा की है। उनका कहना है कि यह संस्थान युवाओं में नेतृत्व, नैतिकता और राजनीतिक जागरूकता को बढ़ावा देने का काम करेगा। अन्नामलाई ने कहा कि भाजपा नेतृत्व के साथ उनके वैचारिक मतभेद बढ़ गए थे। उनके मुताबिक राजनीति को लेकर उनकी सोच और पार्टी नेतृत्व की सोच में अंतर था। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य तमिलनाडु में राजनीतिक संस्कृति को बदलना और आम आदमी की भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने परिवारवाद और व्यक्तिपूजा की राजनीति का विरोध करते हुए कहा कि उनका आंदोलन लोगों की जरूरतों को केंद्र में रखकर काम करेगा। अन्नामलाई के मुताबिक उन्होंने दिसंबर 2025 में ही पार्टी नेतृत्व को अपने इस्तीफे के फैसले की जानकारी दे दी थी।

IPS अधिकारी से राजनेता बने अन्नामलाई

42 साल के अन्नामलाई कर्नाटक कैडर के पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने 2019 में भारतीय पुलिस सेवा से इस्तीफा दिया और 2020 में भाजपा में शामिल हुए। पार्टी ने उन्हें पहले प्रदेश उपाध्यक्ष और बाद में तमिलनाडु भाजपा का अध्यक्ष बनाया। वे अपनी आक्रामक राजनीतिक शैली और जनसंपर्क अभियानों के कारण तेजी से लोकप्रिय हुए। उन्होंने 2023 में ‘एन मन, एन मक्कल’ पदयात्रा निकाली थी, जिससे उन्हें राज्यभर में पहचान मिली। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में भाजपा को बड़ा झटका लगा था। पार्टी ने AIADMK के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था और 27 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन सिर्फ एक सीट जीत सकी। वहीं, अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम ने 108 सीटें जीतकर कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के साथ सरकार बनाई। चुनाव परिणामों के बाद ही अन्नामलाई के भाजपा छोड़ने की अटकलें शुरू हो गई थी, जो अब नई पार्टी के गठन के साथ सच साबित हुई हैं।

क्या है राजनीतिक महत्व ?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अन्नामलाई का नया राजनीतिक प्रयोग तमिलनाडु की राजनीति में एक नए विकल्प के रूप में उभर सकता है। हालांकि इसकी वास्तविक ताकत का आकलन आने वाले सालों में संगठन विस्तार और जनाधार के आधार पर ही हो सकेगा। फिलहाल, लॉन्च के कुछ घंटों में बड़ी संख्या में समर्थकों के जुड़ने के दावे ने राज्य की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। तमिलनाडु की राजनीति में भाजपा का बड़ा चेहरा रहे के. अन्नामलाई अब अपनी अलग राजनीतिक राह पर निकल चुके हैं। 10 लाख समर्थकों के दावे और भाजपा नेताओं के मिल रहे समर्थन के बीच उनकी नई पार्टी राज्य की राजनीति में कितना असर डालती है, इस पर आने वाले सालों में सभी की नजरें टिकी रहेंगी। (Annamalai Launches New Party)

Back to top button
error: Content is protected !!