PM नरेंद्र मोदी बने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री, नेहरू का टूटा रिकॉर्ड

PM Modi Sets Record: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रचते हुए देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 10 जून 2026 को उन्होंने प्रधानमंत्री पद पर लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए, जिसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। मोदी 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री बने थे और तब से लगातार इस पद पर बने हुए हैं। वर्तमान में वे अपने तीसरे लगातार कार्यकाल का नेतृत्व कर रहे हैं। इस उपलब्धि के साथ नरेंद्र मोदी भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम दर्ज था। नेहरू स्वतंत्रता के बाद 15 अगस्त 1947 को प्रधानमंत्री नियुक्त किए गए थे और 13 मई 1952 तक नियुक्त प्रधानमंत्री के रूप में कार्यरत रहे। इसके बाद देश में हुए पहले आम चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद वे निर्वाचित प्रधानमंत्री बने और 27 मई 1964 तक लगातार इस पद पर रहे।
यह भी पढ़ें:- CG NEWS : दो साल बाद सुलझा सेंदुरस डबल मर्डर केस, तीन आरोपी गिरफ्तार
निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल 4,398 दिनों का था, जिसे अब नरेंद्र मोदी ने पीछे छोड़ दिया है। प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक यात्रा भी काफी लंबी रही है। वे साल 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने और लगभग 13 सालों तक इस पद पर रहते हुए राज्य का नेतृत्व किया। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। साल 2019 और फिर 2024 में भी भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को जीत मिली और मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। संसद और संविधान के प्रति सम्मान दर्शाने वाले उनके कुछ प्रतीकात्मक क्षण भी चर्चा में रहे हैं। साल 2014 में पहली बार संसद पहुंचने पर उन्होंने संसद भवन की सीढ़ियों पर माथा टेककर लोकतंत्र के मंदिर को नमन किया था। साल 2019 में उन्होंने संविधान को प्रणाम किया, जबकि 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद संविधान की प्रति को हाथ में उठाकर माथे से लगाया था।

लगातार कार्यकाल और कुल कार्यकाल के बीच अंतर को लेकर भी इस उपलब्धि की चर्चा हो रही है। लगातार कार्यकाल का मतलब है कि कोई व्यक्ति बिना किसी रुकावट के एक ही पद पर बना रहे, जबकि कुल कार्यकाल में अलग-अलग अवधियों में किए गए सभी कार्यकालों को जोड़कर अवधि निकाली जाती है। इसी आधार पर PM नरेंद्र मोदी का 26 मई 2014 से अब तक का कार्यकाल लगातार कार्यकाल माना जा रहा है। भारत के प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल पर नजर डालें तो इंदिरा गांधी 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक लगातार 4,078 दिनों तक प्रधानमंत्री रहीं। वहीं मनमोहन सिंह ने 22 मई 2004 से 26 मई 2014 तक लगातार 3,656 दिनों तक देश का नेतृत्व किया। अटल बिहारी वाजपेयी तीन अलग-अलग अवधियों में प्रधानमंत्री रहे, इसलिए उनका कुल कार्यकाल अलग तरीके से गिना जाता है। (PM Modi Sets Record)

प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारत की वैश्विक पहचान भी मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें अब तक 31 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। साल 2016 में सऊदी अरब ने उन्हें ‘ऑर्डर ऑफ किंग अब्दुलअजीज’ सम्मान प्रदान किया था। इसी साल उन्हें संयुक्त राष्ट्र का प्रतिष्ठित ‘यूएन चैंपियन ऑफ द अर्थ’ पुरस्कार भी मिला। हाल ही में नॉर्वे यात्रा के दौरान उन्हें ‘ग्रांड क्रॉस ऑफ रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया। इसके अलावा वे अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया समेत दुनिया के कई प्रमुख देशों की संसदों को संबोधित कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4,399 दिनों का यह रिकॉर्ड भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। लगातार तीन कार्यकाल तक देश का नेतृत्व करते हुए उन्होंने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबी अवधि तक सेवा देने का नया मानदंड स्थापित कर दिया है। (PM Modi Sets Record)



