Google Analytics —— Meta Pixel

बंगाल में TMC पर सियासी महाभारत, 20 सांसदों के पत्र से मचा भूचाल, भाजपा बोली- पार्टी का अंत तय

BJP on TMC Crisis: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा सियासी तूफान उठ खड़ा हुआ है। लोकसभा स्पीकर को 20 TMC सांसदों के पत्र के बाद तृणमूल कांग्रेस की एकजुटता पर सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि TMC अब टूट की कगार पर है। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि ममता बनर्जी या TMC के साथ कोई नहीं है। इसका कारण यह है कि इस पार्टी ने साबित कर दिया है कि उनके पास कोई विचारधारा या कोई आधार नहीं है। 15 साल तक सिर्फ भ्रष्टाचार, कट मनी, सिंडिकेट और न जाने क्या-क्या हुआ, इसलिए उनके विधायक और सांसद उनके नेतृत्व में समर्थन या सुरक्षा नहीं पा रहे हैं। वे कह रहे हैं कि वे उस पार्टी में नहीं रहेंगे, जिसने कोई विकास नहीं किया, जो भ्रष्टाचार में शामिल थी, अत्याचार कर रही थी और वे ऐसी पार्टी के साथ नहीं रहना चाहते। 

यह भी पढ़ें:- TMC संकट पर विपक्ष का भारतीय जनता पार्टी पर वार, कहा- डराकर तोड़ी जा रही हैं पार्टियां, बागियों से बोले- पहले इस्तीफा दें, फिर पार्टी बदलें 

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि 1984 में जब राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सरकार सत्ता में आई थी, तब हमारी पार्टी के पास सिर्फ 2 सीटें थीं। हमारे कई बड़े नेता चुनाव हार गए थे, लेकिन पार्टी बनी रही, क्योंकि हमारी विचारधारा मजबूत थी। इन लोगों की कोई विचारधारा नहीं है। वे सिर्फ शक्ति के लिए सत्ता में आए थे। एक बार सत्ता में आने के बाद वे घुसपैठियों को यहां लेकर आए, उन्हें यहां का मतदाता बनाया और लगातार चुनकर सत्ता में आए। उनकी सरकार के तीन कालखंड देखने के बाद जनता ने निर्णय लिया और तृणमूल कांग्रेस की सरकार को सत्ता से हटा दिया। TMC कोई पार्टी नहीं है, बल्कि गुंडागर्दी करने वाला गुट है, जो केवल सत्ता के लिए साथ आए लोगों का समूह है। यह कोई पार्टी थी ही नहीं, बल्कि गैर सामाजिक तत्वों का गुट थी। 

ये तृणमूल कांग्रेस का अंदरूनी मामला: पासवान 

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि जब-जब नेतृत्व तानाशाह की भूमिका ले लेता है, दलों में नेताओं को सम्मान नहीं मिलता, तब-तब इस तरह के विवाद देखने को मिलते हैं। कुछ समय पहले मेरी भी पार्टी में इस तरह की परिस्थितियां मेरे पिता के जाने के बाद उत्पन्न हुई थीं, लेकिन हमने फिर से प्रयास किया और आज समावेश की इस सोच के साथ पार्टी को आगे लेकर जा रहा हूं। जब आप ऐसे काम नहीं करते हैं, जहां नेताओं या कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिलता और चुनाव में जिस तरह से इन्हीं नेताओं ने बार-बार आरोप लगाया कि एक कंपनी के द्वारा पार्टी को संचालित किया जा रहा था। बहरहाल ये तृणमूल कांग्रेस का अंदरूनी मामला है। क्या सही है या क्या गलत है इसे कोई नहीं जानता। हालांकि नेतृत्व के प्रति उनमें अविश्वास की स्थिति है। (BJP on TMC Crisis)

भविष्य में तृणमूल कांग्रेस नहीं रहेगी: सांसद सिन्हा 

भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि ममता बनर्जी एक ओर INDI गठबंधन बना रही हैं और दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस टूट रही है। इसलिए मैं आपको आश्वासन देना चाहता हूं कि भविष्य में तृणमूल कांग्रेस नहीं रहेगी। आज विधायक अलग हो गए, सांसद अलग हो गए, पार्टी से नेता भी जा रहे हैं, मेयर और बाकी लोग त्यागपत्र दे रहे हैं। ममता बनर्जी का क्या होगा ये भी कोई कुछ नहीं कह सकता है। कालीघाट इतने सारे दुर्नीति का केंद्र बिंदु है। मैं ममता बनर्जी से एक बात कहना चाहता हूं कि अभी भी सम्मान बचाने का रास्ता है। आपने खुद जिस दल का निर्माण किया उसे अपने ससम्मान समाप्त कीजिए। भाजपा विधायक इंद्रनील खान ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार ट्रिपल स्पीड से डबल ईंजन की सरकार चला रही है, उससे प्रभावित होकर सभी लोग प्रोत्साहित हो रहे हैं। (BJP on TMC Crisis)

TMC पार्टी टूट चुकी है, खत्म हो चुकी है: सिकदर 

भाजपा विधायक शंकर सिकदर ने कहा कि जो दीदी लड़ाई करके पश्चिम बंगाल की सत्ता में आई थी, वो आज वह दीदी नहीं है, यह जनता भी समझ गई है, इसलिए उन्होंने परिवर्तन किया। भाजपा विधायक राजेश कुमार ने कहा कि TMC पार्टी टूट चुकी है, खत्म हो चुकी है। ये किसी सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी नहीं थी। ये केवल गुंडागर्दी, कमीशन खोरों और तुलाबाजों के आधार पर चलने वाली पार्टी थी। जैसे ही 4 मई को नतीजे आए, उसके बाद हमारे प्रदेश अध्यक्ष ने कहा था कि TMC पार्टी 90 दिन भी नहीं चल पाएगी और आप देख भी रहे हैं कि अभी तो बंगाल में सत्ता परिवर्तन को 40 दिन भी नहीं बीते हैं और पार्टी का ये हाल है। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री तापस रॉय ने कहा कि लोकतंत्र में विकास की जब बात होती है, तब सबको लेकर चलना चाहिए। कुछ जगहें हैं, जहां विरोधी पक्ष है, लेकिन हम पूरे बंगाल की तरक्की चाहते हैं। 15 साल से ममता बनर्जी विपक्ष के सांसद, विधायकों को बैठक में नहीं बुलाती थी, लेकिन इस बार पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सबको बुला रहे हैं और सब जा भी रहे हैं।

TMC हर स्तर पर टूट रही है: मंत्री दिलीप घोष 

भाजपा विधायक सजल घोष ने कहा कि TMC खत्म हो गई है। 2016 में जब से दीदी भतीजे को लाई, तब से वह बदल गई थी। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री शरद्वत मुखर्जी ने कहा कि TMC मतलब तृणमूल माफिया कांग्रेस, इसका 2,3,4 भाग हो रहा है और इसे संभालने ममता बनर्जी दिल्ली गई हैं। उनमें एकता नहीं है, अब उनके 20 सांसद, 60 विधायक निकल गए। ममता बनर्जी को खुद ममता बनर्जी की पार्टी से निकाल दिया गया, अभिषेक बनर्जी को निकाल दिया गया। हमने सोचा भी नहीं था कि यह इतना जल्दी होगा। एक महीने भी नहीं हुए और उनकी पार्टी खत्म हो रही है। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि TMC हर स्तर पर टूट रही है। लोग वहां से भागना चाहते हैं। उस पार्टी में ना तो लोकतंत्र है, ना कोई संविधान है और ना ही कोई विचारधारा है। लोग परिवारवाद से बचना चाहते हैं। भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि मां, माटी, मानुष ने दिखा दिया कि वो भाजपा के साथ हैं। TMC के पास जनता का समर्थन नहीं है। आज की तारीख में मां, माटी, मानुष सभी भाजपा के साथ हैं। JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि TMC का कोई भविष्य नहीं है। विधानसभा के चुने हुए विधायकों ने पहले ही ममता बनर्जी का साथ छोड़ दिया है। विधायकों ने बड़ी संख्या में एक अलग समूह बनाया है।

Back to top button
error: Content is protected !!