TMC में बगावत पर सियासत तेज, 19 सांसदों की सूची आई सामने, विपक्ष ने भाजपा पर लगाए दल-बदल कराने के आरोप

Rebellion in TMC: तृणमूल कांग्रेस में जारी राजनीतिक संकट के बीच पार्टी से अलग होने वाले सांसदों को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक टीएमसी से अलग हुए 20 सांसदों में से 19 सांसदों की सूची सामने आई है। बताया जा रहा है कि इन सांसदों ने 18 मई को लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय को अपने नाम भेजे थे और अलग संसदीय पहचान की प्रक्रिया शुरू की थी। सूत्रों के मुताबिक जिन 19 सांसदों के नाम सामने आए हैं, उनमें काकोली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, बापी हलदर, डॉ. शर्मिला सरकार, प्रसून बंद्योपाध्याय, जगदीश बर्मा बसुनिया, असित कुमार मल, अरूप चक्रवर्ती, रचना बनर्जी, सायोनी घोष, खलीलुर रहमान, अबू ताहिर खान, यूसुफ पठान, मिताली बाग, माला रॉय, कालीपद सोरेन, दीपक अधिकारी (देव), जून मालिया और पार्थ भौमिक शामिल हैं।
सूत्रों का दावा है कि कुल 20 सांसदों ने टीएमसी नेतृत्व से दूरी बनाई है, जबकि एक सांसद का नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। वहीं टीएमसी में टूट की खबरों के बाद विपक्षी दलों ने भाजपा पर राजनीतिक दलों को तोड़ने के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि देश की अलग-अलग क्षेत्रीय पार्टियों को अब यह महसूस हो रहा है कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं और संविधान को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि अब कई लोगों को लगता है कि जिस तरीके से केंद्र में भाजपा सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को खत्म करने और संविधान को कमजोर करने का काम किया है, उससे देश को बचाने की जरूरत है। कांग्रेस के साथ मिलकर ही देश को बचाया जा सकता है। ममता बनर्जी हों या शरद पवार, सभी को लग रहा है कि देश को बचाने के लिए कांग्रेस के साथ आना चाहिए और यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। (Rebellion in TMC)
19 बागी लोकसभा सांसदों की सूची
| लोकसभा सीट | सांसद |
|---|---|
| बारासात | काकोली घोष दस्तीदार |
| जादवपुर | सायोनी घोष |
| कोलकाता दक्षिण | माला रॉय |
| आरामबाग | मिताली बाग |
| मेदिनीपुर | जून मालिया |
| बर्धमान पूर्व | डॉ. शर्मिला सरकार |
| बीरभूम | शताब्दी रॉय |
| हुगली | रचना बनर्जी |
| कूचबिहार | जगदीश चंद्र बसुनिया |
| जांगीपुर | खलीलुर रहमान |
| बहरामपुर | यूसुफ पठान |
| मुर्शिदाबाद | अबू ताहेर खान |
| बैरकपुर | पार्थ भौमिक |
| मथुरापुर | बापी हलदार |
| घाटाल | दीपक अधिकारी (देव) |
| झाड़ग्राम | कालीपद सोरेन |
| बांकुड़ा | अरूप चक्रवर्ती |
| हावड़ा | प्रसून बंधोपाध्याय |
| बोलपुर | असित कुमार माल |
देखिए सांसदों के साइन





वहीं आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने टीएमसी में चल रही उठापटक को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा पर विपक्षी दलों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टीएमसी में जो हो रहा है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, शिवसेना, एनसीपी और आम आदमी पार्टी को तोड़ने का काम किया है। ये लोग जिन्हें बेईमान बताते हैं, उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर लेते हैं। टीएमसी के साथ जो हो रहा है वह लोकतंत्र का गला घोंटने की कार्रवाई है। अगर देश इसके खिलाफ नहीं जागा तो चुनाव और सांसद-विधायकों का कोई मतलब नहीं रहेगा। (Rebellion in TMC)
भाजपा डर और लालच की राजनीति करती है: तेजस्वी
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने भी टीएमसी में टूट को भाजपा की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि डराना, लालच देना, लोगों को धमकाना और दलों को तोड़ना भाजपा की राजनीति रही है। एजेंसियों का दुरुपयोग किया जाता है। भाजपा में शामिल होने के बाद नेताओं के सारे दाग धुल जाते हैं। कुछ लोग लालच में और कुछ लोग डर के कारण भाजपा के साथ जाते हैं। भाजपा के जो मुख्यमंत्री बनाए गए वे भी TMC से आए हैं। उनको पूरी दुनिया ने पैसा लेते हुए देखा है, जो लोग भाजपा के खिलाफ बोलते थे और जिसको भाजपा क्या-क्या नहीं कहा करती थी वे सब दाग धुल जाएंगे। कुछ लोग लालच में और कुछ लोग डरकर गए हैं।टीएमसी में जारी इस राजनीतिक घटनाक्रम ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। अगर सांसदों के अलग होने के दावे आधिकारिक रूप से सही साबित होते हैं, तो यह ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जाएगा।



