Google Analytics —— Meta Pixel

हर घंटे एक छात्र की मौत! आखिर क्यों हार मान रही है देश की युवा पीढ़ी ?

Student Suicides in India: भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में गिना जाता है। देश की आबादी का बड़ा हिस्सा युवाओं और छात्रों का है, जिन्हें देश का भविष्य माना जाता है, लेकिन इसी भविष्य को लेकर एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आ रही है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो यानी NCRB के आंकड़े बताते हैं कि भारत में हर साल 13 हजार से ज्यादा छात्र आत्महत्या कर रहे हैं। इसका मतलब है कि औसतन हर घंटे एक छात्र अपनी जिंदगी खत्म कर रहा है। NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक देश में होने वाली कुल आत्महत्याओं में लगभग 7.6 प्रतिशत हिस्सेदारी छात्रों की है।

यह भी पढ़ें:- CIBIL स्कोर सुधारने और कमीशन का झांसा देकर 40 से ज्यादा छात्रों से 40 लाख की ठगी, आसान कमाई के सपने ने सिर पर चढ़ाया कर्ज

सबसे चिंताजनक बात यह है कि पिछले एक दशक में छात्र आत्महत्याओं के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साल 2015 में जहां 8,934 छात्रों ने आत्महत्या की थी, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 14,488 तक पहुंच गई। यानी करीब 62 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साल 2024 में छात्र आत्महत्या के मामलों में 2023 की तुलना में करीब 4.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। साल 2025 के आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं, लेकिन बढ़ते रुझान ने विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं की चिंता बढ़ा दी है। शोध, विशेषज्ञों की राय और अलग-अलग रिपोर्ट्स के मुताबिक छात्रों के सामने कई तरह के दबाव मौजूद हैं। इनमें सबसे प्रमुख शैक्षणिक दबाव और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं। (Student Suicides in India)

छात्र आत्महत्या के आंकड़े

साल आत्महत्या के मामले
2024 14,488
2023 13,892
2022 13,044
2021 13,089
2020 12,526
2019 10,335
2018 10,159
2017 9,905
2016 9,478
2015 8,934

बच्चों में बढ़ते दबाव की मुख्य वजहें

विशेषज्ञों के मुताबिक छात्रों में बढ़ते मानसिक दबाव और आत्महत्या की प्रवृत्ति के पीछे कई कारण जिम्मेदार हैं। इनमें एकेडमिक डिस्ट्रेस और परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन का लगातार दबाव प्रमुख है। इसके अलावा कई छात्रों को अपनी रुचि के विपरीत करियर चुनने के लिए मजबूर किया जाता है, जिससे मानसिक तनाव बढ़ता है। शैक्षणिक संस्थानों का अत्यधिक प्रतिस्पर्धी माहौल, रैगिंग और बुलिंग जैसी घटनाएं भी छात्रों के आत्मविश्वास को प्रभावित करती हैं। जातीय, सामाजिक या अन्य प्रकार के भेदभाव, आर्थिक समस्याएं और बदलती पारिवारिक संरचना के कारण मिलने वाला सीमित भावनात्मक सहयोग भी बड़ी वजह बनता है। कई मामलों में बच्चों की भावनात्मक जरूरतों की अनदेखी, समाज की उदासीनता और मानसिक विकारों की समय पर पहचान न हो पाना स्थिति को और गंभीर बना देता है। (Student Suicides in India)

बच्चों को कैसे बनाएं मानसिक रूप से मजबूत ?

विशेषज्ञों का मानना है कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की कमी के कारण भी बड़ी संख्या में छात्र समय रहते मदद नहीं ले पाते, जिससे वे अवसाद, तनाव और निराशा के गहरे दौर में पहुंच जाते हैं। सोशल मीडिया के दौर में तुलना की संस्कृति ने भी छात्रों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ाया है। सफलता की ऊंची अपेक्षाएं और असफलता को स्वीकार न कर पाने की प्रवृत्ति कई बार युवाओं को मानसिक रूप से कमजोर बना देती है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों को केवल सफलता के लिए नहीं, बल्कि असफलता का सामना करने के लिए भी तैयार करना जरूरी है। (Student Suicides in India)

अभिभावक और शिक्षक क्या करें ?

  • बच्चों के प्रयासों की सराहना करें, सिर्फ परिणामों की नहीं।
  • अपनी असफलताओं और संघर्षों की कहानियां साझा करें।
  • FAIL का नया मतलब सिखाएं- First Attempt In Learning।
  • असफलता से सीख लेने की आदत विकसित करें।
  • बच्चों को अपनी समस्याएं खुद संभालने का अवसर दें।
  • बच्चों को भावनात्मक रूप से मजबूत बनाएं।
  • चुनौतियों और मुश्किल परिस्थितियों से लड़ना सिखाएं।
  • संवाद का माहौल बनाएं ताकि बच्चा खुलकर अपनी बात कह सके।

सरकार की ओर से ये मदद उपलब्ध

छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और आत्महत्या जैसी घटनाओं को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने कई पहल शुरू की हैं। टेली-मानस हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों को निशुल्क टेली-मेंटल हेल्थ सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसके लिए टोल-फ्री नंबर 14416 जारी किया गया है। वहीं मनोदर्पण पहल के तहत छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को मनोवैज्ञानिक परामर्श समेत सहायता सेवाएं प्रदान की जाती हैं। इसके लिए 844-844-0632 हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध है। इसके अलावा सरकार ने ‘उम्मीद’ दिशा-निर्देश लागू किए हैं, जिनके तहत शैक्षणिक संस्थानों में स्कूल वेलनेस टीम का गठन करने, छात्रों को तनावमुक्त रखने वाली गतिविधियों को अनिवार्य बनाने, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी नियमित परामर्श, निगरानी और सहायता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। इन पहलों का उद्देश्य छात्रों में बढ़ते तनाव, अवसाद और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।

राष्ट्रीय आत्महत्या रोकथाम रणनीति

सरकार ने आत्महत्या की घटनाओं को कम करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर रणनीति तैयार की है, जिसमें जागरूकता बढ़ाने, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने और जोखिम वाले समूहों की पहचान कर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। छात्र आत्महत्या का बढ़ता ग्राफ सिर्फ एक सांख्यिकीय आंकड़ा नहीं, बल्कि समाज के लिए गंभीर चेतावनी है, जिस पीढ़ी को देश का भविष्य तय करना है, वही पीढ़ी बढ़ते दबाव, तनाव और अकेलेपन के कारण समय से पहले जिंदगी से हार मान रही है। विशेषज्ञ मानते हैं कि असफलता जीवन का अंत नहीं, बल्कि सीखने और आगे बढ़ने का अवसर है। जरूरत इस बात की है कि परिवार, स्कूल, समाज और सरकार मिलकर ऐसा माहौल तैयार करें, जहां बच्चे सफलता के साथ-साथ असफलता को भी स्वीकार करना सीखें और हर परिस्थिति में जीवन को प्राथमिकता दें।

Back to top button
error: Content is protected !!