Google Analytics —— Meta Pixel

PoK में उबाल, हिंसक आंदोलन में अब तक 46 मौतें, पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ बढ़ा गुस्सा

Violent Protest in PoK: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर यानी PoK में विधानसभा की 12 आरक्षित सीटों को लेकर जारी आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया है। पिछले चार दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शनों में अब तक 46 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है, जबकि 1100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए हैं कि मुजफ्फराबाद, मीरपुर और पुंछ सहित कई इलाकों में बाजार, स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद हैं। साथ ही इंटरनेट सेवाएं भी बाधित हैं। आंदोलन की अगुवाई कर रही जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) विधानसभा की उन 12 आरक्षित सीटों को खत्म करने की मांग कर रही है, जो जम्मू-कश्मीर से पाकिस्तान के अन्य हिस्सों में जाकर बसे शरणार्थियों के लिए निर्धारित हैं। संगठन का कहना है कि इन सीटों की व्यवस्था स्थानीय जनता के राजनीतिक अधिकारों को प्रभावित कर रही है।

यह भी पढ़ें:- हर घंटे एक छात्र की मौत! आखिर क्यों हार मान रही है देश की युवा पीढ़ी ?

मुजफ्फराबाद, मीरपुर और पुंछ में हजारों लोग पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक सैन्य कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी करते दिखे हैं। रात के समय भी कई जगहों पर प्रदर्शन जारी रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने आंदोलन से जुड़े कई नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। JAAC के प्रमुख नेताओं शौकत नवाज मीर, ख्वाजा मेहरान और अन्य कार्यकर्ताओं पर राजद्रोह के मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही पाकिस्तान सरकार ने 5 जून को JAAC पर आतंकवाद विरोधी कानून के तहत प्रतिबंध लगा दिया था।सरकार ने आंदोलन को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की तैनाती के आदेश दिए हैं। रेंजर्स और फ्रंटियर कॉन्स्टेबुलरी के जवानों को संवेदनशील इलाकों में भेजा गया है। (Violent Protest in PoK)

नेटबंदी के बीच लाइव हुआ संबोधन

रावलकोट में JAAC नेता उमर नजीर कश्मीरी ने सरकार और सेना के खिलाफ तीखा संबोधन दिया। वे पिछले हफ्ते से छिपे हुए बताए जा रहे थे। इंटरनेट सेवाएं बंद होने के बावजूद उनका भाषण लाइव प्रसारित हुआ, जिसके बाद स्टारलिंक के इस्तेमाल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अपने संबोधन में उन्होंने घाटी से सुरक्षा बलों को हटाने और गिरफ्तार लोगों की तत्काल रिहाई की मांग की। लगातार बंद और सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई इलाकों में दवाओं और खाद्य सामग्री की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने से जनजीवन लगभग ठप पड़ गया है। PoK की स्थिति को लेकर लंदन और न्यूयॉर्क में भी पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में हो रही हिंसा और कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठाई। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की मांग की।

कश्मीर में भी दिखा विरोध

PoK में हुई मौतों के विरोध में जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए। श्रीनगर के लाल चौक समेत अलग-अलग जगहों पर लोगों ने पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने निर्दोष लोगों की हत्या बंद करने और घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। मानवाधिकार कार्यकर्ता जावेद बेग ने आरोप लगाया कि PoK में आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने भी घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए संयुक्त राष्ट्र से जांच की मांग की है। उन्होंने हा कि ये रियासत एक मुश्किल में पड़ी है। इसका हिस्सा जो पाकिस्तान के पास है, वहां आज जुल्म हो रहा है। वहां कई लोग शहीद हो गए हैं। वहां की खबरें पूरी तरह मालूम नहीं हैं। मैं तो संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार समिति से अपील करूंगा कि उन्हें वहां जाना चाहिए और देखना चाहिए कि उन लोगों पर कौन सी मुसीबतें आ रही हैं। 

27 जुलाई को होने हैं विधानसभा चुनाव

PoK में यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब 27 जुलाई को विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। 53 सदस्यीय विधानसभा में 45 सीटों पर सीधे चुनाव होते हैं, जबकि बचे सीटें महिलाओं, तकनीकी विशेषज्ञों और धार्मिक विद्वानों के लिए आरक्षित हैं। चुनाव से पहले बढ़ता तनाव और व्यापक विरोध प्रदर्शन पाकिस्तान प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गए हैं। आरक्षित सीटों के मुद्दे से शुरू हुआ यह आंदोलन अब राजनीतिक प्रतिनिधित्व, मानवाधिकार, प्रशासनिक कार्रवाई और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े बड़े विवाद में बदल चुका है। लगातार मौतों, गिरफ्तारियों, इंटरनेट प्रतिबंधों और सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच PoK में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। आने वाले दिनों में पाकिस्तान सरकार की प्रतिक्रिया और चुनावी प्रक्रिया इस संकट की दिशा तय करेगी। (Violent Protest in PoK)

Back to top button
error: Content is protected !!