मच्छर काटने को न समझें मामूली, हर साल लाखों जिंदगियों पर पड़ रहा भारी, जानिए कैसे बचाएं अपनी जान ?

Mosquitoes Spread Deadly Diseases: हर साल लाखों लोगों की जिंदगी एक छोटे से मच्छर की वजह से खतरे में पड़ जाती है। मच्छर जब इंसान का खून चूसता है तो वह सिर्फ खुजली या जलन ही नहीं देता, बल्कि अपने साथ मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जीका वायरस और फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारियां भी लेकर आता है। आकार में बेहद छोटा होने के बावजूद मच्छर दुनिया के सबसे खतरनाक जीवों में गिने जाते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक दुनियाभर में मच्छरों की करीब 3,700 से ज्यादा प्रजातियां पाई जाती हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ कुछ प्रजातियां ही इंसानों को काटती हैं और खतरनाक बीमारियां फैलाती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि हर साल दुनियाभर में लाखों लोग मच्छर जनित बीमारियों की चपेट में आते हैं और बड़ी संख्या में मौतें भी होती हैं। यही वजह है कि मच्छरों की पहचान और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी होना बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़ें:- यूनियन क्लब में मेगा समर कैंप और CTPL का भव्य समापन, दिग्गज अतिथियों ने सराहा आयोजन
आम धारणा है कि सभी मच्छर इंसानों को काटते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। सिर्फ मादा मच्छर ही इंसानों और जानवरों का खून चूसती हैं। नर मच्छर मुख्य रूप से फूलों और पौधों के रस पर निर्भर रहते हैं। मादा मच्छर अंडों के विकास के लिए खून की आवश्यकता होने के कारण इंसानों को काटती हैं। दुनियाभर में बीमारी फैलाने वाले मच्छरों में मुख्य रूप से तीन प्रजातियां सबसे ज्यादा खतरनाक मानी जाती हैं। इनमें एडीज, एनोफेलेस और क्यूलेक्स मच्छर शामिल हैं। एडीज मच्छर डेंगू, चिकनगुनिया और जीका वायरस जैसी गंभीर बीमारियों के लिए जिम्मेदार माना जाता है, जिनके शरीर और पैरों पर सफेद और काले रंग की धारियां होती हैं। देखने में यह अन्य मच्छरों से अलग दिखाई देता है। ये दिन के समय ज्यादा सक्रिय रहता है। खासतौर पर सुबह और शाम के दौरान काटता है। एडीज मच्छर साफ और रुके हुए पानी में अंडे देता है। कूलर, गमले, टायर, पानी की टंकियां और घर के आसपास जमा साफ पानी इसके पसंदीदा प्रजनन स्थल हैं।
एनोफेलेस और क्यूलेक्स मच्छर से खतरा
एनोफेलेस मच्छर मलेरिया फैलाने के लिए जाना जाता है और इसे सबसे खतरनाक मच्छरों में से एक माना जाता है। ये बैठते समय अपनी पीठ को एक कोण बनाते हुए ऊपर की ओर उठाकर रखता है। इसकी बैठने की शैली अन्य मच्छरों से अलग होती है। ये मच्छर रात या अंधेरा होने के बाद सक्रिय होता है। एनोफेलेस मच्छर मुख्य रूप से साफ और ताजे पानी वाले जलस्रोतों में प्रजनन करता है। तालाब, झील, कुएं, नहरों के किनारे जमा पानी और अन्य प्राकृतिक जलस्रोत इसके पसंदीदा प्रजनन स्थल होते हैं। ऐसे जगहों पर मादा एनोफेलेस मच्छर अंडे देती है, जिससे मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। क्यूलेक्स मच्छर कई गंभीर वायरल और परजीवी रोगों का वाहक माना जाता है। ये रंग भूरा या गहरा होता है, जो बैठते समय शरीर को बिल्कुल सीधा रखता है। ये मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहता है। साथ ही घर के अंदर और बाहर दोनों जगह काट सकता है। (Mosquitoes Spread Deadly Diseases)
मच्छरों से कैसे बचें ?
क्यूलेक्स मच्छर के काटने से जापानी इंसेफेलाइटिस, फाइलेरिया और वेस्ट नाइल वायरस जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। ये रोग मस्तिष्क, तंत्रिका तंत्र और शरीर के अन्य अंगों को प्रभावित कर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं। क्यूलेक्स मच्छर मुख्य रूप से गंदे और प्रदूषित पानी में पनपता है। नालियों, गड्ढों, सीवेज, कचरे के आसपास जमा पानी और जलभराव वाले क्षेत्रों में इसका प्रजनन तेजी से होता है। खराब स्वच्छता और खुले में जमा दूषित पानी क्यूलेक्स मच्छरों की संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक मच्छरों से बचाव ही सबसे बड़ा हथियार है। कुछ सामान्य सावधानियां अपनाकर मच्छर जनित बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। (Mosquitoes Spread Deadly Diseases)
बचाव के जरूरी उपाय
- घर और आसपास मच्छरों को पनपने से रोकें।
- घर में कहीं भी पानी जमा न होने दें।
- कूलर, गमले और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें।
- नालियों और जल निकासी व्यवस्था को साफ रखें।
- मच्छर भगाने वाले उत्पाद का उपयोग करें।
- सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
- घर के आसपास मच्छर भगाने वाले पौधे लगाएं।
- पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनें।
- बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सुरक्षित रखें।
जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव
मच्छर भले ही आकार में छोटे हों, लेकिन इनके कारण होने वाली बीमारियां जानलेवा साबित हो सकती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर पहचान, साफ-सफाई और बचाव के उपाय अपनाकर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य मच्छर जनित रोगों से बचा जा सकता है। बरसात और गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है, क्योंकि यही वह समय होता है, जब मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ती है। मच्छरों के खिलाफ लड़ाई सिर्फ सरकार या स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही इस खतरे पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। ऐसे में सावधानी, स्वच्छता और जागरूकता ही इस अदृश्य खतरे से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। (Mosquitoes Spread Deadly Diseases)



