खांसी की दवा से मौतों के बाद सख्ती, अब बिना डॉक्टर के पर्चे नहीं मिलेगी सिरप

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश और राजस्थान में खराब क्वालिटी वाली खांसी की दवाओं से कई बच्चों की मौत के आरोपों के बाद सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इन घटनाओं ने देशभर में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाली लिक्विड दवाओं की सुरक्षा और उनकी निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटनाओं के बाद सिरप आधारित दवाओं के निर्माण, वितरण और बिक्री प्रक्रिया में गुणवत्ता की सख्त जांच और कड़े नियंत्रण की मांग तेज हो गई है। सरकार अब इस दिशा में रेगुलेटरी व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी में है।
ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर?
इस नए नियम के लागू होने के बाद खांसी की दवाओं समेत सभी औषधीय सिरप अब बिना डॉक्टर की सलाह के सीधे नहीं मिल सकेंगे। अब ग्राहकों को मेडिकल स्टोर या फार्मेसी से ऐसी दवाएं खरीदने के लिए रजिस्टर्ड डॉक्टर का वैध प्रिस्क्रिप्शन (पर्चा) दिखाना अनिवार्य होगा।
माना जा रहा है कि इस फैसले का खांसी और अन्य सिरप आधारित दवाओं की बिक्री पर बड़ा असर पड़ेगा, क्योंकि अब तक ये दवाएं बिना पर्चे के आसानी से उपलब्ध हो जाती थीं।
सरकार का मानना है कि यह कदम दवाओं के गलत इस्तेमाल पर रोक लगाने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।
यह भी पढ़े :- NEET परीक्षा सुरक्षा के लिए सरकार का बड़ा फैसला, Telegram बंद



