पुणे में मंगेतर ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर की होने वाले पति की हत्या, लोहागढ़ किले से 400 फीट गहरी खाई में दिया धक्का, जानिए कैसे खुला राज ?

Fiancee Murder in Pune: महाराष्ट्र के पुणे से एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने देशभर को हैरान कर दिया है, जिस युवती के साथ कारोबारी परिवार के युवक केतन अग्रवाल की शादी होने वाली थी, उसी मंगेतर पर उसके बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस का दावा है कि केतन अग्रवाल को ट्रैकिंग के बहाने लोहागढ़ किले ले जाया गया, जहां 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और परिवार के शक के बाद मामला हत्या की साजिश में बदल गया।
यह भी पढ़ें:- लखनऊ अग्निकांड के बाद देशभर में खुली कोचिंग सेंटरों की पोल, कहीं फायर एनओसी नहीं तो कहीं बंद मिले इमरजेंसी गेट
केतन अग्रवाल पुणे के एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनकी सगाई इसी साल फरवरी में सिया गोयल से हुई थी और दोनों की शादी की तैयारियां चल रही थी। परिवार के मुताबिक शादी को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही थी और जल्द ही दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले थे। इस बीच 18 जून को सिया गोयल ने केतन को ट्रैकिंग और जन्मदिन की तैयारियों की बात कहकर लोहागढ़ किला ले गई। आरोप है कि वहां सिया का प्रेमी चेतन चौधरी भी पहले से मौजूद था। इसके बाद केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई। शुरुआत में इसे दुर्घटना बताया गया, लेकिन परिवार ने घटना पर सवाल उठाए। पुलिस ने जब कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की तो कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। (Fiancee Murder in Pune)

परिवार को क्यों हुआ शक ?
परिजनों का कहना है कि केतन अनुभवी ट्रैकर था और ऐसे इलाके में उसका अचानक फिसल जाना उन्हें सामान्य नहीं लगा। वहीं घटना के बाद सिया के व्यवहार ने भी परिवार के मन में कई सवाल खड़े किए। इसके बाद पुलिस से जांच की मांग की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच पिछले कई महीनों से लगातार संपर्क था। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस दोनों तक पहुंची। पूछताछ और जुटाए गए सबूतों के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश कब से रची जा रही थी और इसमें कौन-कौन शामिल था। वहीं केतन का परिवार आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहा है।

घटना ने दिलाई राजा रघुवंशी हत्याकांड की याद
केतन अग्रवाल हत्याकांड ने लोगों को कुछ महीने पहले सामने आए मध्य प्रदेश के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की याद भी दिला दी है। उस मामले में भी शादी के कुछ ही दिनों बाद पत्नी सोनम रघुवंशी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराने का आरोप लगा था। अब पुणे में सामने आए इस मामले में भी मंगेतर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर होने वाले पति की हत्या की साजिश रचने के आरोप लगे हैं। दोनों मामलों में रिश्तों के भरोसे के टूटने और प्रेम संबंधों के त्रिकोण ने पूरे देश को झकझोर दिया है। फिलहाल पुणे पुलिस इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है। साथ ही इस साजिश के तह तक जाने की कोशिश कर रही है, ताकि पुरी हत्याकांड की गुत्थी सुलझ सके। (Fiancee Murder in Pune)



