Google Analytics —— Meta Pixel

सेशेल्स दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गोल्डन जुबली समारोह में होंगे गेस्ट ऑफ ऑनर, जानिए क्यों खास है यह छोटा द्वीपीय देश

PM Modi Seychelles Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय दौरे पर सेशेल्स पहुंचे, जहां के विक्टोरिया में उन्होंने बॉटनिकल गार्डन का दौरा किया। इस दौरान सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी भी मौजूद रहे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होटल पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बता दें कि PM मोदी सेशेल्स के नेशनल डे के गोल्डन जुबली समारोह में गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर शामिल होंगे और वहां की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे।

PM मोदी सेशेल्स रिपब्लिक के प्रेसिडेंट डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बुलावे पर 27-29 जून 2026 तक स्टेट विजिट कर रहे हैं। वे सेशेल्स के नेशनल डे के गोल्डन जुबली सेलिब्रेशन में गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर हिस्सा लेंगे। PM मोदी सेशेल्स की आजादी के 50 साल पूरे होने के समारोह में मुख्य अतिथि होंगे, जहां होने वाली परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि सेशेल्स एक कीमती समुद्री पड़ोसी है और हमारे विजन महासागर में एक अहम पार्टनर है। साथ ही ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने में भी। इस साल हम अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं, जो आपसी विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के प्रति सम्मान और हमारे लोगों के बीच गहरे आत्मीय संबंधों पर आधारित हैं।

यह भी पढ़ें:- रविवार को 35.98 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद, 57 हजार से ज्यादा वैक्सीनेटर तैनात

PM मोदी ने कहा कि मैं फरवरी 2026 में उनकी सफल भारत यात्रा के बाद अपने दोस्त और सेशेल्स रिपब्लिक के प्रेसिडेंट डॉ. पैट्रिक हर्मिनी बुलावे पर पहुंचा हूं, जिनका उद्देश्य हमारी स्थायी मित्रता को और सुदृढ़ करना है। हम मिलकर अपने लोगों की प्रगति को आगे बढ़ाने, हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य करेंगे। इस दौरे के दौरान सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनने पर गर्व महसूस होगा। यह ऐतिहासिक अवसर हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को प्रदर्शित करता है। मैं सेशेल्स में बसे जीवंत भारतीय समुदाय से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं। उन्होंने पीढ़ियों से भारत और सेशेल्स की विशेष मित्रता को सुदृढ़ किया है तथा दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु की भूमिका निभाई है। (PM Modi Seychelles Tour)

उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि मेरी यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और गहरा करेगी, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को बढ़ाएगी और एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगी। बता दें कि सेशेल्स के विक्टोरिया-माहे इलाके में भारतीय प्रवासियों की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में पोस्टर लगाए गए। यह PM मोदी का दूसरा सेशेल्स दौरा है। प्रधानमंत्री ने आखिरी बार 2015 में सेशेल्स का दौरा किया था। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय रक्षा बलों का एक दल, भारतीय नौसेना के दो जहाजों के साथ, समारोह में भाग लेगा। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी से बातचीत करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। दोनों नेता पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार- विमर्श करेंगे। प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय सभा को भी संबोधित करेंगे और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगे।

भारत और सेशेल्स के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-संबंधों पर आधारित दूरगामी साझेदारी है। सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी देश होने के नाते भारत के विजन महासागर और विकासशील देशों के विकास की प्रतिबद्धता में विशेष स्थान रखता है। यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत और स्थायी मित्रता की पुष्टि करेगी और सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करेगी। हिंद महासागर में स्थित सेशेल्स की आबादी करीब 1.35 लाख है। इनमें लगभग 12 हजार लोग भारतीय मूल के हैं, जो देश की कुल आबादी का करीब 8 से 9 प्रतिशत हिस्सा हैं। यही कारण है कि भारत और सेशेल्स के संबंध सिर्फ रणनीतिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक स्तर पर भी काफी मजबूत हैं। (PM Modi Seychelles Tour)

मोदी इंदिरा गांधी के बाद सेशेल्स जाने वाले दूसरे प्रधानमंत्री

सेशेल्स की स्वतंत्रता 29 जून 1976 को हुई थी। उसी साल तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी स्वतंत्रता समारोह में शामिल होने सेशेल्स गई थी। उस दौरान भारत ने अपनी नौसेना का युद्धपोत आईएनएस नीलगिरि भी समारोह में भेजा था। बाद में साल 1981 में इंदिरा गांधी ने दोबारा सेशेल्स का दौरा किया। इसके बाद लंबे समय तक कोई भारतीय प्रधानमंत्री सेशेल्स नहीं गया। नरेंद्र मोदी अब इंदिरा गांधी के बाद सेशेल्स का दौरा करने वाले दूसरे भारतीय प्रधानमंत्री हैं। सेशेल्स हिंद महासागर के उन महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों के बीच स्थित है, जहां से वैश्विक व्यापार का बड़ा हिस्सा गुजरता है। यही वजह है कि भारत, अमेरिका, फ्रांस और चीन जैसे बड़े देशों की इस क्षेत्र पर विशेष नजर रहती है। भारत लंबे समय से सेशेल्स के साथ समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर काम कर रहा है। इसी रणनीति के तहत भारत ने सेशेल्स को दूसरा डोर्नियर समुद्री निगरानी विमान उपलब्ध कराने की घोषणा की थी, जिससे समुद्री निगरानी और तटीय सुरक्षा को मजबूत किया जा सके। 

सेशेल्स के बारे में जानिए  

भारत की मदद से विकसित तटीय निगरानी रडार नेटवर्क का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री मोदी ने किया था। यह नेटवर्क हिंद महासागर में जहाजों की निगरानी और समुद्री सुरक्षा बढ़ाने की भारत की व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक उस समय हिंद महासागर के द्वीपीय देशों में चीन तेजी से अपना प्रभाव बढ़ा रहा था। ऐसे में भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति और क्षेत्रीय रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में सेशेल्स की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही है। हिंद महासागर में स्थित सेशेल्स अफ्रीका का सबसे छोटा द्वीपीय देश है, जो कुल 115 द्वीपों का समूह है। इसे 29 जून 1976 को ब्रिटेन से स्वतंत्रता मिली थी। इसकी राजधानी विक्टोरिया है, जिसे दुनिया की सबसे छोटी राजधानियों में भी गिना जाता है। देश की आबादी लगभग 1.08 लाख है और यहां ईसाई धर्म को मानने वालों की संख्या सबसे ज्यादा है। सेशेल्स की आधिकारिक भाषाएं अंग्रेजी, फ्रेंच और सेशेल्वा हैं। वर्तमान में देश के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी हैं। अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, पर्यटन और हिंद महासागर में रणनीतिक स्थिति के कारण सेशेल्स वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण स्थान रखता है। (PM Modi Seychelles Tour)

सेशेल्स की खास बातें 

  • सेशेल्स अफ्रीका का सबसे छोटा देश है, जो क्षेत्रफल 459 वर्ग किलोमीटर और आबादी दोनों के लिहाज से अफ्रीका का सबसे छोटा संप्रभु राष्ट्र माना जाता है। 
  • सेशेल्स 115 छोटे-बड़े द्वीपों का समूह है। इनमें से सिर्फ लगभग 33 द्वीपों पर ही स्थायी आबादी रहती है।
  • सेशेल्स दुनिया के खूबसूरत समुद्र तटों में शामिल हैं। यहां का ‘आंस सोर्स द’आर्जेंट’ बीच दुनिया के सबसे सुंदर समुद्र तटों में गिना जाता है। गुलाबी ग्रेनाइट चट्टानें और नीला समुद्र इसकी पहचान हैं।
  • सेशेल्स दुनिया की सबसे छोटी राजधानियों में एक है। राजधानी विक्टोरिया की आबादी करीब 30 हजार है। इसलिए इसे दुनिया की सबसे छोटी राजधानियों में गिना जाता है।
  • सेशेल्स को विशाल कछुओं का घर माना जाता है। अलडाबरा अटोल दुनिया के सबसे बड़े विशाल कछुओं के लिए प्रसिद्ध है। यहां इनकी संख्या एक लाख से भी ज्यादा बताई जाती है।
  • सेशेल्स के पास नियमित सेना नहीं है। देश की सुरक्षा मुख्य रूप से कोस्ट गार्ड और पुलिस बल संभालते हैं।
  • हिंद महासागर के प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों के बीच स्थित होने के कारण यह भारत की समुद्री सुरक्षा रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
  • देश की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन पर आधारित है। हर साल यहां आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या देश की कुल आबादी से कई गुना ज्यादा होती है।
  • दुनिया का सबसे भारी बीज सेशेल्स में ही मिलता है। ‘कोको डी मेर’ नाम का बीज सिर्फ सेशेल्स में मिलता है। इसका वजन 30 किलोग्राम तक हो सकता है और इसे दुनिया का सबसे बड़ा बीज माना जाता है।
  • सेशेल्स का समुद्र दुनिया के सबसे स्वच्छ समुद्री क्षेत्रों में शामिल है। कई स्थानों पर 30 से 40 मीटर तक पानी के भीतर साफ देखा जा सकता है।
  • कई सालों तक राजधानी विक्टोरिया में सिर्फ एक ट्रैफिक सिग्नल होने की वजह से यह दुनिया भर में चर्चा का विषय रहा। अब हालांकि कुछ और सिग्नल लगाए जा चुके हैं।
  • सेशेल्स में जमीन से 3 हजार गुना बड़ा समुद्री क्षेत्र है। देश का क्षेत्रफल सिर्फ 459 वर्ग किलोमीटर है, लेकिन इसका समुद्री आर्थिक क्षेत्र करीब 13.7 लाख वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है।
  • सेशेल्स को समुद्री जीवों का स्वर्ग माना जाता है, क्योंकि यहां 900 से ज्यादा प्रजातियों की मछलियां, सैकड़ों प्रकार की प्रवाल चट्टानें और दुर्लभ समुद्री जीव पाए जाते हैं। यही वजह है कि स्कूबा डाइविंग के शौकीनों के लिए सेशेल्स दुनिया की पसंदीदा जगहों में शामिल है।

आकार में छोटा लेकिन रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण सेशेल्स आज हिंद महासागर की भू-राजनीति का अहम केंद्र बन चुका है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा भारत-सेशेल्स संबंधों को नई मजबूती देने के साथ-साथ हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक, सुरक्षा और आर्थिक साझेदारी को भी नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। आने वाले समय में दोनों देशों के बीच रक्षा, समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी और विकास सहयोग के क्षेत्र में रिश्ते और मजबूत होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सेशेल्स दौरा सिर्फ एक राजकीय यात्रा नहीं, बल्कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की समुद्री सुरक्षा, रणनीतिक साझेदारी और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। छोटे आकार के बावजूद सेशेल्स की सामरिक स्थिति इसे वैश्विक राजनीति और समुद्री सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम बनाती है।

Back to top button
error: Content is protected !!