यूरोप बना आग का गोला, रिकॉर्ड गर्मी से फ्रांस में 1000 लोगों की मौत, ब्रिटेन, स्पेन और जर्मनी भी बेहाल, सड़कें पिघली-स्कूल बंद

Extreme Heatwave in Europe: यूरोप इस समय इतिहास की सबसे खतरनाक हीटवेव में से एक का सामना कर रहा है। फ्रांस, स्पेन, जर्मनी, ब्रिटेन, इटली, स्विट्जरलैंड, डेनमार्क, चेक गणराज्य और पोलैंड समेत 16 से ज्यादा देशों में तापमान ने दशकों पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कहीं सड़कें पिघल रही हैं, कहीं रेलवे ट्रैक गर्मी से फैल रहे हैं, हजारों स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, तो कई देशों में जंगलों में भीषण आग भड़क उठी है। हालात इतने गंभीर हैं कि फ्रांस में सिर्फ चार दिनों के भीतर करीब 1000 लोगों की मौत हो गई है। इनमें अधिकांश 75 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग हैं। राजधानी पेरिस और उसके आसपास के इलाकों में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। गर्मी के कारण सरकार को 1350 से ज्यादा स्कूल बंद करने पड़े हैं।
यह भी पढ़ें:- केरल में एक साथ बुझ गया पूरा परिवार, आर्थिक तंगी, बेबसी और मानसिक तनाव ने छीनी चार जिंदगियां
बिजली ग्रिड पर दबाव बढ़ने से हजारों घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। रेल पटरियां गर्म होकर फैलने लगीं, जिसके कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। हालात को देखते हुए सरकार ने सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने पर रोक लगा दी है और लोगों से दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। यूरोप में आमतौर पर एयर कंडीशनर का इस्तेमाल कम होता है, लेकिन इस बार हालात अलग हैं। फ्रांस के शैम्बेरी शहर में इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर खुलते ही लोग एसी और पंखे खरीदने के लिए टूट पड़े। पेरिस के कई सुपरमार्केट में कुछ ही घंटों में पंखे और कूलर का पूरा स्टॉक खत्म हो गया। ब्रिटेन में जून महीने का तापमान लगातार तीन दिनों तक रिकॉर्ड स्तर पर रहा। दक्षिणी इंग्लैंड में तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो जून का नया रिकॉर्ड है। पहली बार लगातार तीन दिनों तक रेड वार्निंग जारी करनी पड़ी। (Extreme Heatwave in Europe)
स्पेन और जर्मनी में भी रिकॉर्ड टूटा
1000 से ज्यादा स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बिजली की मांग 45 सालों में सबसे ज्यादा दर्ज की गई। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीज तेजी से बढ़े हैं। रेलवे ट्रैक फैलने के कारण ट्रेनों की गति सीमित कर दी गई है। स्पेन के एंडुजार शहर में तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पिछले कुछ दिनों में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। सूखे और गर्मी के कारण जंगलों में भीषण आग लगी हुई है। जर्मनी में पहली बार तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। कई हाईवे की सड़कें पिघलने लगीं, जबकि खेल प्रतियोगिताएं और संगीत समारोह रद्द करने पड़े। इटली के 18 शहरों में रेड अलर्ट जारी है। पो नदी का जलस्तर तेजी से गिर रहा है। स्विट्जरलैंड में जून महीने का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज हुआ है और ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं। डेनमार्क में 150 सालों का तापमान रिकॉर्ड टूट गया। कई जगह सड़कें पिघलने लगी हैं और भारी वाहनों की आवाजाही सीमित करनी पड़ी है। (Extreme Heatwave in Europe)
विशेषज्ञों की चेतावनी
वैज्ञानिकों का कहना है कि यूरोप दुनिया के औसत से लगभग दोगुनी गति से गर्म हो रहा है। अगर ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन इसी तरह जारी रहा तो भविष्य में ऐसी हीटवेव ज्यादा बार आएंगी और इनकी अवधि भी लंबी होगी। यूरोप की यह भीषण हीटवेव सिर्फ एक मौसमी घटना नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौती का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले सालों में ऐसी रिकॉर्डतोड़ गर्मी और भी ज्यादा बार देखने को मिलेगी। फिलहाल फ्रांस समेत कई यूरोपीय देशों में प्रशासन हाई अलर्ट पर है और लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने समेत बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह हीटवेव सिर्फ यूरोप के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए जलवायु संकट की एक गंभीर चेतावनी है।




