Google Analytics —— Meta Pixel

ड्यूटी में लापरवाही पड़ी भारी: डायल-112 के आरक्षक निलंबित

रायपुर। राजधानी रायपुर में आपातकालीन सेवा डायल-112 में तैनात एक आरक्षक को ड्यूटी में लापरवाही और अमर्यादित व्यवहार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता ने निलंबन आदेश जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 की रात करीब 11 बजे सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक के बीच सड़क दुर्घटना की सूचना डायल-112 को मिली थी। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद डायल-112 में तैनात आरक्षक संदीप शर्मा घटनास्थल पर देरी से पहुंचे।

बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंचने के बाद आरक्षक का व्यवहार शिकायतकर्ता और वहां मौजूद लोगों के प्रति अमर्यादित पाया गया, जिसकी शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक संदीप शर्मा को निलंबित कर रक्षित केंद्र, रायपुर संबद्ध कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान संबंधित आरक्षक को नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि डायल-112 जैसी आपातकालीन सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़े :- मानवता, सेवा और संवेदना का जीवंत केंद्र है सोठी आश्रम: मुख्यमंत्री साय

Back to top button
error: Content is protected !!