खाई में समाई यात्रियों से भरी बस, 40 लोगों की मौत, पहाड़ी मोड़ पर हुआ बड़ा हादसा

Road Accident in Pakistan: पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा की सीमा पर हुए भीषण सड़क हादसे में 40 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यात्रियों से भरी बस पहाड़ी मार्ग पर अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी पथरीली खाई में जा गिरी। हादसा बलूचिस्तान के शेरानी जिले के दाना सर इलाके में हुआ, जहां से बस खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान की ओर बढ़ रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस क्वेटा से पेशावर की ओर जा रही थी। पहाड़ी राजमार्ग पर एक तीखे मोड़ के दौरान चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे के बाद बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें:- वेटर से अंतरराज्यीय ठग बना जॉन, चार्ल्स शोभराज से प्रभावित होकर 300 होटलों को लगाया चूना, विदेशी टूर गाइड बनकर ठगता था आरोपी
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट में 40 लोगों की मौत और आठ लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। घायलों को तत्काल झोब जिला मुख्यालय अस्पताल समेत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रशासन की शुरुआती जांच में हादसे की संभावित वजह तेज रफ्तार, बस का क्षमता से ज्यादा भरा होना और पहाड़ी रास्ते पर चालक का नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। कुछ अधिकारियों ने बस के ब्रेक फेल होने की आशंका भी जताई है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। (Road Accident in Pakistan)

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। जानकारी यह भी सामने आई है कि रास्ते में खराब हुई दूसरी बस के कुछ यात्रियों को भी इसी बस में बैठा लिया गया था, जिससे वाहन पर अतिरिक्त भार बढ़ गया था। दुर्घटना दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण राहत और बचाव कार्य काफी कठिन रहा। मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के निर्देश पर जिला प्रशासन, रेस्क्यू 1122, पुलिस और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला और शवों को अस्पताल पहुंचाया। कई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी यात्रियों को खाई से निकाला गया। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। (Road Accident in Pakistan)

पाकिस्तान में लगातार हो रहे हैं सड़क हादसे
वहीं बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने भी घटना पर शोक जताते हुए प्रशासन को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। पाकिस्तान के पहाड़ी इलाकों, विशेषकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में सड़क दुर्घटनाएं आम हैं। खराब सड़कें, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां, तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का कमजोर पालन ऐसे हादसों की प्रमुख वजह माने जाते हैं। इससे पहले मई महीने में भी उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक मिनीबस खड़ी बस से टकरा गई थी, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई थी। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है, लेकिन शुरुआती संकेत तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और ब्रेक फेल होने की ओर इशारा कर रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर पाकिस्तान के पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



