Google Analytics —— Meta Pixel

बारिश बनी आफत, दो मासूमों की डूबने से मौत, 250 श्रद्धालु और 14 मजदूरों का रेस्क्यू, बिजली गिरने से किसान की गई जान

Rain Became Disaster: छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटों से हो रही लगातार बारिश जहां किसानों के लिए राहत लेकर आई है, वहीं कई परिवारों के लिए यह बारिश बड़ी त्रासदी बन गई। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में डूबने, बिजली गिरने और बाढ़ में फंसने की कई घटनाएं सामने आई हैं। गरियाबंद में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, बलौदाबाजार में 250 से ज्यादा श्रद्धालु नदी में फंस गए, गरियाबंद में 14 मजदूरों को एसडीआरएफ ने रेस्क्यू किया, जबकि कोरबा में खेत में काम कर रहे किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण प्रदेश की अधिकांश नदियां और नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और रपटों को पार नहीं करने समेत बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की है।

यह भी पढ़ें:- 55 साल बाद टूटा बारिश का रिकॉर्ड, अल-नीनो की आशंका के बीच मानसून ने बदली तस्वीर

सबसे दर्दनाक घटना गरियाबंद जिले के कोपरा गांव में हुई। यहां लगातार बारिश के कारण घर के पास बने घुरवा में 10 से 12 फीट तक पानी भर गया था। रविवार को छह साल का योगेश साहू और पांच साल का सुमन साहू घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे पानी से भरे उसी गड्ढे के पास पहुंच गए और अचानक उसमें गिर गए। गड्ढा गहरा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके। परिजनों ने बच्चों की तलाश शुरू की तो कुछ देर बाद दोनों के शव पानी में मिले। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण गड्ढे का गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया था। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान बच्चों को अकेला बाहर नहीं छोड़ने और जलभराव वाले स्थानों से दूर रखने की अपील की है।

250 से ज्यादा श्रद्धालु नदी में फंसे 

लगातार बारिश के कारण बलौदाबाजार जिले के प्रसिद्ध तुरतुरिया मंदिर के पास बहने वाली बालमदेही नदी में अचानक जलस्तर बढ़ गया। उस समय मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे करीब 250 से ज्यादा श्रद्धालु नदी के दूसरी ओर फंस गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि लोग वापस नहीं लौट सके। सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी प्रवीण मिंज के नेतृत्व में घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान नदी किनारे स्थित धार्मिक स्थलों की यात्रा करने से बचें। (Rain Became Disaster)

बगनई नदी में फंसे 14 मजदूर, SDRF ने सुरक्षित निकाला

गरियाबंद जिले में लगातार बारिश के कारण बगनई नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नदी के बीच काम कर रहे 14 मजदूर तेज बहाव के कारण चारों तरफ से पानी से घिर गए और बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू बोट और सुरक्षा उपकरणों की मदद से सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू ऑपरेशन कई घंटे तक चला और सभी मजदूरों को सकुशल बाहर निकालने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। एक दिन पहले कबीरधाम जिले के ढोलढोली रपटा मार्ग पर भी बड़ा हादसा टल गया। 20 से 25 यात्रियों से भरी एक पिकअप तेज बहाव के बीच रपटा पार कर रही थी। इसी दौरान वाहन पुल के गड्ढे में फंस गया। तेज पानी के कारण वाहन बहने का खतरा पैदा हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मदद शुरू की और महिलाओं तथा बच्चों सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान रपटों और पुलों को पार नहीं करने की अपील की है।

आकाशीय बिजली बनी जानलेवा

भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के तुमान गांव में खेत में काम कर रहे 75 साल का किसान धनीराम पटेल पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले सक्ती जिले में भी खेत में काम कर रहे पति-पत्नी की बिजली गिरने से मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। लगातार बारिश के कारण प्रदेश की अधिकांश छोटी-बड़ी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कई रपटों के ऊपर से पानी बह रहा है। ग्रामीण इलाकों में खेतों के आसपास बने गड्ढे और तालाब भी पूरी तरह भर चुके हैं, जिससे बच्चों और मवेशियों के लिए खतरा बढ़ गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

अलर्ट मोड पर SDRF और प्रशासन

मौसम विभाग की ओर से अगले 48 से 72 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी जारी करने के बाद SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील जिलों में रेस्क्यू टीमों को पहले से तैनात किया गया है। बाढ़ संभावित क्षेत्रों में नावों और राहत सामग्री की व्यवस्था भी की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम के कारण 8 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश जारी रह सकती है। ऐसे में हादसों की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। (Rain Became Disaster)

लोगों के लिए प्रशासन की एडवाइजरी

  • तेज बारिश के दौरान नदी-नालों के पास न जाएं।
  • बहते पानी वाले रपटों और पुलों को पार करने का प्रयास न करें।
  • बच्चों को जलभराव वाले स्थानों से दूर रखें।
  • गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।
  • बिजली गिरने की आशंका होने पर सुरक्षित भवन के अंदर रहें।
  • किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।
Back to top button
error: Content is protected !!