Google Analytics —— Meta Pixel

देशी मशरूम बना जहर, एक ही परिवार समेत कई लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार

कोण्डागांव। जिले के पलारी गांव में रविवार को देशी मशरूम (फूटू) खाने से एक ही परिवार सहित पड़ोसी परिवार के कई लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। घटना के बाद सभी की तबीयत देर रात करीब 2 बजे अचानक बिगड़ गई। लगातार उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल कोण्डागांव लेकर पहुंचे, जहां सभी का उपचार किया गया।

जानकारी के अनुसार, देवांगन परिवार के सदस्यों ने घर में फूटू (देशी मशरूम) की सब्जी बनाकर खाई थी। भोजन करने के कुछ घंटों बाद परिवार के लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। पीड़ितों में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी का परीक्षण किया। इनमें से पांच मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार एवं निगरानी के बाद घर भेज दिया गया।

जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. ईशा दुग्गड़ ने बताया कि रविवार को पलारी गांव से एक परिवार फूड पॉइजनिंग की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था। सभी ने घर में बनी देशी मशरूम (फूटू) की सब्जी खाई थी, जिसके बाद उन्हें पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। जांच के बाद गंभीर मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि अन्य को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

डॉ. दुग्गड़ ने बताया कि प्रभावित परिवार ने वही मशरूम की सब्जी अपने पड़ोसी परिवार को भी खाने के लिए दी थी। इसके बाद पड़ोसी परिवार के कुछ सदस्य भी फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। फिलहाल सभी मरीजों की हालत में सुधार है और अस्पताल में उनकी निगरानी की जा रही है।

सावधानी: विशेषज्ञों का कहना है कि जंगलों या खेतों में उगने वाले देशी मशरूम की सही पहचान के बिना उसका सेवन करना खतरनाक हो सकता है। जहरीले मशरूम के सेवन से फूड पॉइजनिंग के गंभीर मामले सामने आ सकते हैं, इसलिए केवल प्रमाणित एवं सुरक्षित मशरूम का ही सेवन करना चाहिए।

यह भी पढ़े :- पहली ही तेज बारिश में डूबा रायपुर, रेलवे स्टेशन बना झरना, अंडरब्रिज बने तालाब, घरों में घुसा पानी, विपक्ष ने सरकार और नगर निगम को घेरा

Back to top button
error: Content is protected !!