Google Analytics —— Meta Pixel

एलआईसी कार्यालय के भीतर सुरक्षाकर्मी का शव फंदे से लटका मिला

कोरबा। जिले के कलेक्टोरेट परिसर के समीप स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय में सोमवार सुबह एक सुरक्षाकर्मी का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है, जो आरा मशीन क्षेत्र का निवासी था और एलआईसी कार्यालय में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। वह रविवार रात रात्रि पाली (नाइट शिफ्ट) में ड्यूटी पर तैनात था।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह परिजनों ने विनोद से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर उसके पिता एलआईसी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने विनोद को कार्यालय के भीतर फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही एलआईसी कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा मौके से कुछ सामान जब्त कर जांच के लिए भेजा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही परिजनों और कार्यालय के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मी ने यह कदम कब और किन परिस्थितियों में उठाया। फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

यह भी पढ़े :- देशी मशरूम बना जहर, एक ही परिवार समेत कई लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार

Back to top button
error: Content is protected !!