कोतवाली थाने से फरार हुई चोरी की आरोपी महिला, लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित
बालोद। जिले के बालोद कोतवाली थाना परिसर से चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक महिला के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरारी के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं लग सका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर एक महिला आरक्षक सहित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चोरी के मामले में गिरफ्तार महिला को शुक्रवार शाम पूछताछ के लिए बालोद कोतवाली थाना लाया गया था। रातभर उसे पुलिस अभिरक्षा में रखा गया। शनिवार सुबह किसी समय वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी।
फरार महिला की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया, लेकिन 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पुलिस अभिरक्षा में आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रारंभिक विभागीय जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर एक महिला आरक्षक सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार महिला की जल्द गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही मामले की विभागीय जांच भी जारी है, ताकि घटना के लिए जिम्मेदार अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा सके।
यह भी पढ़े :- एलआईसी कार्यालय के भीतर सुरक्षाकर्मी का शव फंदे से लटका मिला



