Google Analytics —— Meta Pixel

बलौदाबाजार – महानदी के उफान से थमा आवागमन, हजारों ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

बलौदाबाजार। जिले के पलारी विकासखंड में हुई एक दिन की तेज बारिश ने ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। ग्राम रोहांसी और अमेठी को जोड़ने वाली महानदी पर बना एनीकट पूरी तरह जलमग्न हो गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से एनीकट के ऊपर करीब दो से ढाई फीट पानी बह रहा है, जिसके कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। इससे अमेठी समेत आसपास के वनांचल क्षेत्रों का पलारी और जिला मुख्यालय बलौदाबाजार से संपर्क टूट गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, महानदी पार करने के लिए यह एनीकट ही एकमात्र मार्ग है। हर वर्ष मानसून के दौरान हल्की से मध्यम बारिश में भी यह पानी में डूब जाता है, जिससे हजारों लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

70 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाने की मजबूरी

एनीकट के जलमग्न होने के बाद ग्रामीणों को पलारी या रोहांसी पहुंचने के लिए करीब 70 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी मरीजों, विद्यार्थियों और रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को हो रही है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरी सेवाएं प्रभावित

रोहांसी इस क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां आसपास के वनांचल क्षेत्रों के लोग दैनिक जरूरतों का सामान खरीदने आते हैं। लेकिन संपर्क मार्ग बंद होने से खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई और मरीजों के समय पर अस्पताल पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थायी पुल निर्माण की मांग फिर तेज

ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से इस स्थान पर ऊंचे और स्थायी पुल के निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उनका कहना है कि हर मानसून में यही स्थिति बनती है और क्षेत्र के हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।

ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से महानदी पर शीघ्र एक ऊंचे एवं स्थायी पुल का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में भी आवागमन सुचारु बना रहे और लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़े :- स्वस्थ छत्तीसगढ़ करेगा विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण- CM साय

Back to top button
error: Content is protected !!