साइबर ठगी पर बड़ा प्रहार: फर्जी सिम बेचने वाले दो एजेंट पुलिस के हत्थे चढ़े
रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले दो पीओएस (POS) एजेंटों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के छतरपुर और छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के निवासी हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों द्वारा जारी किए गए फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में इनाम जीतने का झांसा देकर साइबर ठगी जैसे अपराधों में किया जा रहा था।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रेंज साइबर थाना रायपुर ने दो अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान इस नेटवर्क का खुलासा किया।
पहला मामला गरियाबंद जिले के इंदागांव थाना क्षेत्र का है, जहां एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि फेसबुक पर दोस्ती के बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए उसका वीडियो मॉर्फ कर अश्लील क्लिप बनाई गई और उसे यूट्यूब पर वायरल करने की धमकी देकर करीब 7.90 लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
दूसरा मामला रेंज साइबर थाना रायपुर में दर्ज हुआ, जिसमें पीड़ित को ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में इनाम जीतने का झांसा देकर टैक्स और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम जमा कराने की कोशिश की गई। इस मामले में धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने साइबर अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया आईडी का तकनीकी विश्लेषण किया। संबंधित सेवा प्रदाताओं से प्राप्त जानकारी, दस्तावेजों की जांच और पूछताछ के आधार पर दो मोबाइल दुकान संचालकों की भूमिका सामने आई, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश प्रजापति (23) निवासी मनकारी, जिला छतरपुर (मध्यप्रदेश), संचालक प्रजापति टेलीकॉम, तथा मनोज देवांगन (29) निवासी प्रकाशपुर चिचोला, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, संचालक मनोज मोबाइल, मुढ़ीपार के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नया सिम लेने या मोबाइल नंबर पोर्ट कराने आने वाले ग्राहकों के बायोमेट्रिक सत्यापन (e-KYC) का दुरुपयोग कर उनके नाम पर अतिरिक्त सिम कार्ड सक्रिय कर दिए जाते थे। जिन ग्राहकों के पास आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी होती थी, उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर D-KYC के जरिए भी अतिरिक्त सिम जारी किए जाते थे। बाद में इन सिम कार्डों को अधिक कीमत पर साइबर अपराधियों को बेच दिया जाता था, जिनका उपयोग ऑनलाइन ठगी, ब्लैकमेलिंग और अन्य साइबर अपराधों में किया जाता था।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, अज्ञात वीडियो कॉल से बचें, किसी भी प्रकार की लॉटरी, इनाम या KBC जीतने के नाम पर मांगे जाने वाले टैक्स या शुल्क का भुगतान न करें तथा बैंक खाता, ओटीपी, यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
यह भी पढ़े :- मुख्य सचिव ने ली सभी विभागों के सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक, बैकलॉग पदों पर भर्ती तेज करने के दिए निर्देश



