महादेव ऐप का संचालक सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट से प्रवेश का आरोप
इंटरपोल के रेड नोटिस पर रॉयल ओमान पुलिस की कार्रवाई, भारत ने शुरू की प्रत्यर्पण प्रक्रिया
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर को फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में प्रवेश करने के आरोप में रॉयल ओमान पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह कार्रवाई भारतीय एजेंसियों के अनुरोध पर जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर की गई। सौरभ चंद्राकर पिछले कुछ समय से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रहा था।
गिरफ्तारी के बाद भारत सरकार ने चंद्राकर के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज कर दी है। फिलहाल उसे मस्कट स्थित हाई-सिक्योरिटी अल खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। उसके खिलाफ फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर अवैध रूप से ओमान में प्रवेश करने का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि उसने अपनी पैरवी के लिए मस्कट में वकीलों की एक टीम भी नियुक्त की है।
सौरभ चंद्राकर महादेव ऑनलाइन बुक मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) हजारों करोड़ रुपये के कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी, मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहे हैं।
हाल ही में इंटरपोल की Commission for the Control of INTERPOL’s Files (CCF) ने सौरभ चंद्राकर की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उसने अपने खिलाफ जारी रेड नोटिस हटाने की मांग की थी। चंद्राकर का तर्क था कि उसके खिलाफ भारत में राजनीतिक कारणों से कार्रवाई की जा रही है और उसे निष्पक्ष सुनवाई नहीं मिलेगी। हालांकि CCF ने माना कि मामला वित्तीय अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है, इसलिए रेड नोटिस जारी रहेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, CCF में सुनवाई के दौरान ही सौरभ चंद्राकर UAE छोड़कर ओमान पहुंच गया था। जांच एजेंसियों का मानना है कि फर्जी पासपोर्ट के जरिए ओमान में प्रवेश करना प्रत्यर्पण प्रक्रिया को प्रभावित करने की एक सोची-समझी रणनीति हो सकती है। ओमान के कानून के तहत फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल गंभीर अपराध है, जिसमें तीन से पांच वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
सौरभ चंद्राकर वर्ष 2019 से फरार बताया जा रहा है। वर्ष 2024 में उसे दुबई में इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में रिहा कर दिया गया। भारत ने उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध भी भेजा था, हालांकि उस समय प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। अब ओमान में गिरफ्तारी के बाद उसके भारत प्रत्यर्पण की संभावना बढ़ गई है।
यह भी पढ़े :- उरला फैक्ट्री ब्लास्ट: मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा, फैक्ट्री बंद



