Google Analytics —— Meta Pixel

IAS तबादला: GPM कलेक्टर संतोष देवांगन हटाए गए, 5 अफसरों के प्रभार में बड़ा फेरबदल

सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश, विजय दयाराम के. बने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नए कलेक्टर

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आज गुरुवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों का तबादला आदेश जारी करते हुए प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है।

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश में कुल पांच IAS अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है। सबसे बड़ा बदलाव गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में हुआ है, जहां दो महीने पहले ही पदस्थ किए गए कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को हटाकर मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।

उनकी जगह तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

  • संतोष कुमार देवांगन (IAS) को कलेक्टर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के पद से हटाकर मंत्रालय में विशेष सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग बनाया गया है।
  • विजय दयाराम के. (IAS) को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
  • हेमंत रमेश नंदनवार (IAS 2020) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत महासमुंद के पद से हटाकर संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण बनाया गया है। उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
  • सुमित अग्रवाल (IAS 2021) को आयुक्त, नगर निगम दुर्ग के पद से स्थानांतरित कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही रिमिजियस एक्का (IAS 2011) को इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
  • अनुपमा आनंद (IAS 2023) को एसडीएम, सरायपाली (महासमुंद) से पदोन्नत कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत महासमुंद नियुक्त किया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग के इस आदेश के साथ ही राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!