बीएसपी स्क्रैप चोरी कांड में बड़ी कार्रवाई, जीएम और एजीएम गिरफ्तार
फ्लू डस्ट की आड़ में छह महीने तक चलता रहा करोड़ों का स्क्रैप सिंडिकेट, 250 टन लौह स्क्रैप जब्त; जांच का दायरा बढ़ा
दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में करोड़ों रुपये के लौह स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईएमएस-3 के महाप्रबंधक (जीएम) हिमांशु भूषण मलिक और सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) मनोज कुमार देवांगन को गिरफ्तार किया है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस का दावा है कि जांच में दोनों अधिकारियों की भूमिका संगठित स्क्रैप चोरी सिंडिकेट में सामने आई है।
यह भी पढ़े :- ‘अटेंशन की होड़ में भ्रामक खबरें लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय’ : जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल
पुलिस के अनुसार, पिछले लगभग छह महीनों से फ्लू डस्ट के परिवहन की आड़ में बीएसपी परिसर से लौह स्क्रैप की अवैध निकासी की जा रही थी। आरोप है कि लोहे की प्लेटें, बीम और अन्य स्क्रैप सामग्री को सुनियोजित तरीके से प्लांट से बाहर ले जाकर अवैध रूप से बेचा जाता था।
मामले का खुलासा 26 मई 2026 को हुआ, जब मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित ए.के. ट्रेडर्स के गोदाम में छापा मारा। जांच के दौरान हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप बरामद हुआ। गोदाम की तलाशी में भी भारी मात्रा में स्क्रैप सामग्री मिली।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 250 टन लौह स्क्रैप जब्त किया। इसके अलावा स्क्रैप की ढुलाई और लोडिंग में इस्तेमाल किए जा रहे हाईवा, ट्रक, जेसीबी और हाइड्रा समेत पांच मशीनों को भी जब्त किया गया।
इस मामले में मुख्य आरोपी संजय सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस उसके कब्जे से करीब 3.50 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त कर चुकी है। अब दो वरिष्ठ अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि स्क्रैप चोरी सिंडिकेट की वित्तीय लेन-देन, विभागीय जिम्मेदारियों और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। जांच में नए तथ्य सामने आने पर इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



