Google Analytics —— Meta Pixel

40 साल बाद न्यूजीलैंड पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री, PM क्रिस्टोफर लक्सन ने गले लगाकर किया PM मोदी का स्वागत, FTA, UPI और सीधी उड़ानों पर रहेगी नजर

PM Modi New Zealand Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 6 दिवसीय तीन देशों के विदेश दौरे के अंतिम चरण के तहत ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचे, जहां न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एयरपोर्ट पर उन्हें गले लगाकर उनका स्वागत किया। इसे लेकर PM मोदी ने कहा कि एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभारी हूं। यह दौरा ऐतिहासिक है, क्योंकि चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड का यह पहला दौरा है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत करने और भारत-न्यूजीलैंड दोस्ती के सभी पहलुओं पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं। कल मैं ऑकलैंड में एक सामुदायिक कार्यक्रम को भी संबोधित करूंगा।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर 10-11 जुलाई तक होने वाला यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। करीब 40 सालों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की यह पहली आधिकारिक यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचने के बाद अब सबसे पहले प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, शिक्षा, कृषि, कनेक्टिविटी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों नेता भारत-न्यूजीलैंड संबंधों की व्यापक समीक्षा भी करेंगे।

यह भी पढ़ें:- बीएसपी स्क्रैप चोरी कांड में बड़ी कार्रवाई, जीएम और एजीएम गिरफ्तार

दोनों देशों के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण समझौतों की भी उम्मीद है। दौरे के दौरान सीधी हवाई सेवा पर नजर रहेगी। अभी फिलहाल भारत और न्यूजीलैंड के बीच कोई सीधी उड़ान नहीं है। यात्रियों को सिंगापुर, कुआलालंपुर या सिडनी के जरिए यात्रा करनी पड़ती है, जिसमें 18 से 24 घंटे तक का समय लगता है। अगर सीधी उड़ान सेवा शुरू होती है तो यह समय घटकर लगभग 11-12 घंटे रह जाएगा। न्यूजीलैंड में भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली UPI शुरू करने पर भी समझौता हो सकता है। इससे भारतीय छात्रों, पर्यटकों और कारोबारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। भारत न्यूजीलैंड से आने वाले सेब और कीवी पर ऊंचा आयात शुल्क लगाता है, जबकि न्यूजीलैंड भारतीय आम, अंगूर और केले के आयात पर कड़े नियम लागू करता है। दोनों देश इन बाधाओं को कम करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री मोदी ऑकलैंड में करीब 40 हजार भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे। भारतीय समुदाय ने उनके स्वागत के लिए “किया ओरा मोदी” कार्यक्रम का आयोजन किया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह कार्यक्रम दोनों देशों के मजबूत जन-से-जन संबंधों का प्रतीक होगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री प्रमुख उद्योगपतियों, निवेशकों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। मेलबर्न में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर और द्विपक्षीय वार्ता की। इसके अलावा विक्टोरिया की गवर्नर मार्गरेट गार्डनर, ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन और विपक्ष के नेता एंगस टेलर सहित कई नेताओं से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन को भी संबोधित किया। उन्होंने मेलबर्न में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। (PM Modi New Zealand Tour)

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए बड़े फैसले

ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग मजबूत करने के लिए नई संयुक्त रक्षा एवं सुरक्षा घोषणा जारी की, जिसने 2009 के सुरक्षा समझौते का स्थान लिया। इसके साथ ही रक्षा सहयोग और संयुक्त सैन्य अभ्यास बढ़ाने पर सहमति बनी। भारत-ऑस्ट्रेलिया डिफेंस इनोवेशन कॉरिडोर बनाने की घोषणा हुई। स्वच्छ ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई चेन मजबूत करने पर सहमति बनी। 2015 के परमाणु सहयोग समझौते को लागू करने की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी हुई, जिससे शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रमों के लिए ऑस्ट्रेलियाई यूरेनियम भारत को निर्यात करने का रास्ता साफ हुआ। न्यूजीलैंड की यात्रा इसलिए भी खास है, क्योंकि इससे पहले किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने 1986 में इस देश का दौरा किया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने साल1968 में न्यूजीलैंड की पहली आधिकारिक यात्रा की थी। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड का पहला दौरा था। उस समय दोनों देशों के बीच राजनीतिक संवाद को संस्थागत रूप देने, राष्ट्रमंडल के मंच पर सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों की मजबूत नींव रखने पर जोर दिया गया। इस यात्रा ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्वास और सहयोग के नए अध्याय की शुरुआत की।

1986 में राजीव गांधी ने किया था दौरा

करीब 18 साल बाद साल 1986 में प्रधानमंत्री राजीव गांधी न्यूजीलैंड पहुंचे। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने व्यापार, आर्थिक सहयोग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने पर सहमति जताई। कई महत्वपूर्ण समझौतों और सहयोग कार्यक्रमों पर हस्ताक्षर हुए, जिन्होंने आगे चलकर भारत-न्यूजीलैंड के व्यापारिक और आर्थिक रिश्तों को नई मजबूती प्रदान की। इसके बाद लगभग चार दशकों तक किसी भारतीय प्रधानमंत्री की आधिकारिक यात्रा नहीं हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 10-11 जुलाई 2026 का न्यूजीलैंड दौरा इसलिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि 40 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा पर पहुंचने वाला है। पिछले कुछ सालों में दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, शिक्षा, कृषि, डिजिटल तकनीक और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग तेजी से बढ़ा है। ऐसे में इस यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला दौरा माना जा रहा है। (PM Modi New Zealand Tour)

न्यूजीलैंड में मजबूत है भारतीय समुदाय

न्यूजीलैंड की करीब 52 लाख आबादी में 2.4 लाख से अधिक भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो कुल आबादी का लगभग 4.8 प्रतिशत हैं। वहां हर 17वां व्यक्ति भारतीय मूल का है। 2023 की जनगणना के अनुसार हिंदी न्यूजीलैंड में चौथी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा बन चुकी है। अंग्रेजी पहले, ते रेओ माओरी दूसरे और समोअन तीसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड में 15 हजार से ज्यादा भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। चीन के बाद भारत अंतरराष्ट्रीय छात्रों का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत है। भारतीय समुदाय आईटी, हेल्थकेयर, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी और छोटे-बड़े कारोबारों के जरिए न्यूजीलैंड की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार, डिजिटल भुगतान, कृषि, शिक्षा, निवेश, रक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ प्रधानमंत्री का संवाद भी इस दौरे का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!