Instagram पर अब कम दिखेगा अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट, Meta ने बदला एल्गोरिदम; Reels और Explore पर भी पड़ेगा असर
Meta ने Instagram के कंटेंट रिकमेंडेशन एल्गोरिदम में बदलाव किया है। अब Reels, Explore और Feed में अश्लील, आपत्तिजनक और संवेदनशील कंटेंट के सुझाव सीमित करने की कोशिश होगी।
नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ी खबर है। अब यूजर्स को प्लेटफॉर्म पर अश्लील, आपत्तिजनक और संवेदनशील कंटेंट कम दिखाई दे सकता है। Meta ने इंस्टाग्राम के कंटेंट रिकमेंडेशन यानी सुझाव देने वाले सिस्टम में बदलाव किया है। कंपनी का उद्देश्य यूजर्स को उनकी पसंद के मुताबिक बेहतर और सुरक्षित कंटेंट उपलब्ध कराना है। नए बदलावों का असर Instagram के Reels, Explore और Feed सेक्शन में दिखाई देने वाले सुझावों पर पड़ सकता है।
यूजर्स की पसंद के आधार पर दिखेगा कंटेंट
इंस्टाग्राम पर यूजर्स को केवल उन्हीं अकाउंट की पोस्ट नहीं दिखाई देतीं, जिन्हें वे फॉलो करते हैं। प्लेटफॉर्म का एल्गोरिदम यूजर्स की सर्च हिस्ट्री, पसंद और गतिविधियों के आधार पर नए अकाउंट और वीडियो भी सुझाता है।
उदाहरण के तौर पर अगर कोई व्यक्ति खाने-पीने, रेस्टोरेंट या किताबों से जुड़ी पोस्ट और वीडियो देखता है, तो इंस्टाग्राम उसे इसी तरह का कंटेंट अधिक दिखाता है। लेकिन अब कंपनी इस प्रक्रिया में ऐसे कंटेंट को सीमित करने पर जोर दे रही है, जो आपत्तिजनक, संवेदनशील या कम गुणवत्ता वाला हो सकता है।
अश्लील और संवेदनशील कंटेंट की पहचान करेगा सिस्टम
Meta के मुताबिक, कंपनी अपने रिकमेंडेशन सिस्टम में कुछ निर्धारित मानकों का इस्तेमाल करती है। इन नियमों के तहत ऐसे कंटेंट और अकाउंट की पहचान की जाती है, जिन्हें यूजर्स के सुझावों में शामिल करना उचित नहीं माना जाता।
इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और तकनीकी सिस्टम की मदद ली जा रही है। इसका उद्देश्य ऐसे कंटेंट की पहुंच को सीमित करना है, जो प्लेटफॉर्म के नियमों के दायरे में भले ही मौजूद हो, लेकिन उसे बड़ी संख्या में यूजर्स को सुझाना उचित न हो।
Reels, Explore और Feed पर दिखेगा बदलाव
इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर इंस्टाग्राम के तीन प्रमुख सेक्शन पर पड़ सकता है।
- Reels: यूजर्स को सुझाए जाने वाले वीडियो में आपत्तिजनक और संवेदनशील कंटेंट को सीमित करने की कोशिश होगी।
- Explore: नए अकाउंट और पोस्ट खोजते समय मिलने वाले सुझावों में बदलाव हो सकता है।
- Feed: यूजर्स को फॉलो किए जाने वाले अकाउंट के अलावा सुझाई जाने वाली पोस्ट की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाएगा।
सरकार ने भी जताई थी कंटेंट एल्गोरिदम पर चिंता
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 10 अक्टूबर को Meta को एडवाइजरी जारी कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के कंटेंट रिकमेंडेशन और रैंकिंग सिस्टम की समीक्षा करने को कहा था।
सरकार की चिंता थी कि सोशल मीडिया के एल्गोरिदम के जरिए गलत और भ्रामक जानकारी के साथ आपत्तिजनक सामग्री भी तेजी से लोगों तक पहुंच सकती है। इसके बाद इंस्टाग्राम पर कंटेंट की पहचान और सुझाव देने वाले सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए तकनीकी उपायों पर जोर दिया गया।
हालांकि, Meta ने अपने इन बदलावों को सीधे तौर पर सरकारी एडवाइजरी का परिणाम नहीं बताया है। नए नियमों के लागू होने के बाद इंस्टाग्राम पर यूजर्स को किस तरह का कंटेंट दिखाई देता है, इसमें बदलाव देखने को मिल सकता है।



