Google Analytics —— Meta Pixel

बच्चों में क्यों बढ़ रही हिंसक प्रवृत्ति ? छोटी-छोटी बातों पर खूनी कदम, आखिर बच्चों के मन में पनप रही हिंसा की वजह क्या ?

Rising Child Violence: बच्चों को देश का भविष्य कहा जाता है। उनके हाथों में किताबें, खिलौने और सपनों की उड़ान होनी चाहिए, लेकिन हाल के दिनों में सामने आई कुछ घटनाएं बच्चों के व्यवहार और उनमें बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर रही हैं। छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा, बदले की भावना और हिंसक कदम उठाने की घटनाएं यह सोचने पर मजबूर कर रही हैं कि आखिर बचपन में इतनी आक्रामकता कहां से आ रही है ? हरियाणा और मध्यप्रदेश से सामने आए दो मामलों ने इस चिंता को और गहरा कर दिया है। मध्यप्रदेश के मंदसौर में महज चॉकलेट को लेकर हुए विवाद में 12 साल की बच्ची पर चार साल के मासूम की हत्या का आरोप लगा। वहीं हरियाणा के पंचकूला में आठ साल के तीसरी कक्षा के छात्र ने 6 साल की बच्ची पर स्कूल के भीतर जानलेवा हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें:- क्या ईरान रच रहा है राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की साजिश ? मोसाद की चेतावनी के बाद अमेरिकी राजधानी में हाई अलर्ट, व्हाइट हाउस के ऊपर मंडराए सेना के 4 विशेष हेलीकॉप्टर

मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के शामगढ़ में 24 अक्टूबर 2026 को चार साल के मासूम की मौत का मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक पड़ोस में रहने वाली 12 साल की बच्ची ने बच्चे को चॉकलेट देने के बहाने अपने घर बुलाया और छत पर बनी पानी की टंकी में धकेल दिया। इसके बाद टंकी को पत्थर से ढंक दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची की मां ने चॉकलेट को लेकर हुए विवाद में उसे डांटा था, जिसके बाद उसने बदला लेने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया। मामले का खुलासा 29 अक्टूबर को हुआ और पुलिस ने बच्ची को किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बालिका गृह भेज दिया गया। हालांकि मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया अपनी जगह जारी है। यह घटना कई सवाल खड़े करती है। आखिर एक मामूली विवाद के बाद इतनी छोटी उम्र में बदले की भावना इतनी गंभीर कैसे हो गई कि एक मासूम की जान चली गई ? (Rising Child Violence)

स्कूल में 6 साल की बच्ची पर हमला

दूसरी घटना हरियाणा के पंचकूला की है। 28 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-20 स्थित सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा के आठ साल के छात्र ने 6 साल की बच्ची पर बेरहमी से हमला कर दिया। बच्ची को बहाने से खाली कक्षा में ले जाने के बाद उस पर पत्थर और ईंट से हमला किया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। गंभीर रूप से घायल बच्ची को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ। इस मामले में स्कूल की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठे। शिक्षा विभाग ने दो शिक्षकों और बाद में स्कूल की प्राचार्य को निलंबित किया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों के खिलाफ लापरवाही को लेकर मामला दर्ज किया। 5 नवंबर को किशोर न्याय बोर्ड ने आरोपी बच्चे को जमानत देते हुए उसकी पहचान उजागर करने वाले वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया से हटाने के निर्देश भी दिए। 14 नवंबर 2026 को हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने इस घटना के बाद राज्य के सभी स्कूलों में समयबद्ध सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की। आयोग ने स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता, कक्षाओं में बच्चों की संख्या और निगरानी व्यवस्था की जांच पर जोर दिया। (Rising Child Violence)

हिंसक व्यवहार के पीछे क्या हो सकती हैं वजहें ?

दोनों घटनाएं अलग-अलग परिस्थितियों में हुईं, लेकिन एक साझा सवाल जरूर छोड़ गईं कि बच्चों के व्यवहार में आक्रामकता किस तरह विकसित हो रही है और इसे समय रहते कैसे पहचाना जाए ? बच्चों में हिंसक व्यवहार किसी एक वजह से पैदा नहीं होता। इसके पीछे पारिवारिक माहौल, मानसिक और भावनात्मक स्थिति, सामाजिक परिस्थितियां और आसपास के वातावरण का असर हो सकता है। हर बच्चे की परिस्थितियां अलग होती हैं, इसलिए किसी एक कारण को सभी मामलों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

  • हिंसा से भरा डिजिटल कंटेंट- मोबाइल, इंटरनेट और वीडियो गेम में लगातार मारपीट, बदले और अपराध से जुड़ी चीजें देखने का असर बच्चों की सोच और व्यवहार पर पड़ सकता है।
  • बात-बात पर जिद और गुस्सा- मनचाही चीज तुरंत पाने की आदत बच्चों में इंतजार करने की क्षमता कम कर सकती है। इच्छा पूरी न होने पर वे आक्रामक हो सकते हैं।
  • पर्याप्त नींद न मिलना- देर रात तक मोबाइल चलाना या नींद पूरी न होना बच्चों को चिड़चिड़ा बना सकता है और उनके व्यवहार में बदलाव ला सकता है।
  • पारिवारिक तनाव का माहौल- घर में रोजाना होने वाले झगड़े, ऊंची आवाज में बहस और मारपीट का बच्चों के मानसिक और भावनात्मक विकास पर असर पड़ सकता है।
  • बच्चों को पर्याप्त समय न देना- माता-पिता का व्यस्त रहना और बच्चों की बातों को गंभीरता से न सुनना उनके भीतर अकेलेपन और निराशा की भावना बढ़ा सकता है।
  • सजा और मारपीट से अनुशासन सिखाना- हर गलती पर हाथ उठाना, अपमानित करना या डर दिखाकर बात मनवाना बच्चों में गुस्सा और विद्रोही व्यवहार पैदा कर सकता है।
  • गुस्से पर काबू न रख पाना- अपनी नाराजगी, दुख या निराशा को सही तरीके से जाहिर करना नहीं सीख पाने वाले बच्चे कई बार हिंसक प्रतिक्रिया देने लगते हैं।
  • दोस्तों और आसपास के माहौल का प्रभाव- गलत संगति, साथियों की उकसाहट और स्कूल में बुलिंग जैसी परिस्थितियां भी बच्चों के व्यवहार को प्रभावित कर सकती हैं।

बच्चों के हिंसक व्यवहार के ये संकेत मिले तो न करें नजरअंदाज

बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव या लगातार आक्रामकता दिखाई देने पर माता-पिता और शिक्षकों को सतर्क होने की जरूरत है। कुछ संकेत ऐसे हो सकते हैं, जिन पर समय रहते ध्यान देना जरूरी है, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। जैसे छोटी-छोटी बातों पर बार-बार गुस्सा करना, समझाने के बाद भी अपने गुस्से पर काबू नहीं रख पाना, गुस्से में सामान फेंकना या तोड़ना और माता-पिता समेत परिवार के दूसरे सदस्यों पर हाथ उठाना। इसके अलावा बातचीत में गाली-गलौज करना, भाई-बहनों और दूसरे बच्चों के साथ मारपीट या धमकी देना, लगातार लड़ाई-झगड़े में शामिल रहना, छोटी बातों पर जरूरत से ज्यादा चिड़चिड़ापन दिखाना और दूसरों को चोट पहुंचाने या डराने की कोशिश करना भी ऐसे व्यवहार के संकेत हो सकते हैं। हालांकि किसी एक घटना या इक्का-दुक्का व्यवहार के आधार पर बच्चे को हिंसक मान लेना सही नहीं है। जरूरी है कि उसके व्यवहार में आ रहे बदलाव, उनकी निरंतरता और इसके पीछे छिपे कारणों को समझा जाए, ताकि समय रहते बच्चे को सही मार्गदर्शन और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद मिल सके। (Rising Child Violence)

माता-पिता क्या करें और क्या न करें ?

बच्चों में बढ़ती आक्रामकता को कम करने के लिए परिवार की भूमिका सबसे अहम होती है। माता-पिता को बच्चों के साथ समय बिताना चाहिए और उनके साथ ऐसा भरोसेमंद रिश्ता बनाना चाहिए, जहां वे बिना किसी डर या झिझक के अपनी बात रख सकें। बच्चों की भावनाओं और परेशानियों को गंभीरता से सुनना जरूरी है। उन्हें गुस्से की स्थिति में खुद को शांत रखना, बातचीत के जरिए अपनी बात कहना और समस्याओं का समाधान निकालना सिखाना चाहिए। साथ ही बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल, वीडियो गेम और ऑनलाइन देखे जाने वाले कंटेंट पर भी नजर रखनी चाहिए। माता-पिता को अपने व्यवहार पर भी ध्यान देना होगा, क्योंकि बच्चे अक्सर बड़ों को देखकर ही बोलने और व्यवहार करने का तरीका सीखते हैं। घर में शांतिपूर्ण माहौल और आपसी सम्मान बनाए रखना जरूरी है। यदि बच्चा लगातार गुस्सा, मारपीट या आक्रामक व्यवहार कर रहा है, तो इसे केवल जिद समझकर टालने के बजाय स्कूल काउंसलर या बाल मनोवैज्ञानिक से सलाह लेनी चाहिए। (Rising Child Violence)

माता-पिता बच्चों के साथ क्या न करें ?

  • बच्चे को हर गलती पर मारें या शारीरिक दंड दें।
  • दूसरे बच्चों से उसकी तुलना करके उसे अपमानित न करें।
  • गुस्से में बच्चे को डराएं या धमकाएं नहीं, उसकी बात सुने बिना तुरंत सजा न दें।
  • बच्चे की भावनाओं और परेशानियों को नजरअंदाज न करें।
  • हिंसक व्यवहार को यह कहकर सामान्य न मानें कि बच्चे तो ऐसे ही होते हैं।

बचपन को हिंसा से बचाने की जिम्मेदारी किसकी ?

बच्चों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति केवल माता-पिता या स्कूल की जिम्मेदारी का विषय नहीं है। इसमें परिवार, शिक्षक, समाज और डिजिटल प्लेटफॉर्म सभी की भूमिका है। बच्चों को अनुशासन सिखाने के साथ-साथ संवेदनशीलता, सहनशीलता, दूसरों के प्रति सम्मान और अपनी भावनाओं को सही तरीके से व्यक्त करना भी सिखाना होगा। सबसे जरूरी बात यह है कि बच्चे के हिंसक व्यवहार को सिर्फ जिद या शरारत समझकर टालना ठीक नहीं। उसके पीछे छिपी परेशानी को समझने की कोशिश करनी होगी। डांट और सजा के डर से बच्चा कुछ समय के लिए शांत हो सकता है, लेकिन व्यवहार में स्थायी बदलाव के लिए संवाद, भरोसा और सही मार्गदर्शन जरूरी है। हर बच्चा एक सुरक्षित बचपन का हकदार है। इसलिए सवाल सिर्फ यह नहीं है कि बच्चे हिंसक क्यों हो रहे हैं, बल्कि यह भी है कि उन्हें ऐसा माहौल देने में हम कहां चूक रहे हैं, जहां वे गुस्से की जगह संवाद और हिंसा की जगह संवेदनशीलता को चुन सकें। (Rising Child Violence)

Back to top button
error: Content is protected !!