Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से, तीजन बाई को श्रद्धांजलि के साथ होगी शुरुआत

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज सोमवार से शुरू होने जा रहा है। सत्र के पहले दिन की कार्यवाही दिवंगत पद्म विभूषण एवं प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई सहित अन्य दिवंगत विभूतियों को श्रद्धांजलि देने के साथ शुरू होगी। इसके बाद सदन में प्रश्नकाल होगा और विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रतिवेदन एवं दस्तावेज पटल पर रखे जाएंगे।

प्रश्नकाल में सीएम साय देंगे जवाब

सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से संबंधित सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे।

सदन पटल पर रखे जाएंगे ये महत्वपूर्ण प्रतिवेदन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ राज्य मानवाधिकार आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन (2024-25), राज्य विद्युत नियामक आयोग का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन (वित्तीय वर्ष 2024-25) तथा वर्ष 2026 के अधिसूचित राज्य विद्युत नियामक आयोग विनियम सदन के पटल पर रखेंगे।

वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा “विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (VBGRAM) योजना, छत्तीसगढ़” से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे। वाणिज्यिक कर मंत्री ओपी चौधरी जीएसटी नेटवर्क (GSTN) की वर्ष 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट पेश करेंगे। इसके अलावा फरवरी-मार्च 2026 के बजट सत्र के दौरान पूछे गए प्रश्नों के लंबित उत्तरों का संकलन भी सदन में रखा जाएगा।

विधेयकों की स्थिति की दी जाएगी जानकारी

कार्यसूची के अनुसार, राज्यपाल द्वारा लौटाए गए विधेयकों और राष्ट्रपति की स्वीकृति प्राप्त विधेयकों से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं भी सदन को दी जाएंगी।

ध्यानाकर्षण में उठेंगे पुरातात्विक धरोहर और स्वास्थ्य के मुद्दे

सत्र के पहले ही दिन ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए कई अहम मुद्दे गूंजेंगे। वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में कथित लापरवाही का मुद्दा संस्कृति मंत्री के सामने उठाएंगे। दूसरी तरफ, कांग्रेस विधायक विकास कश्यप जांजगीर जिला चिकित्सालय में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के भुगतान में हुई कथित अनियमितताओं का मामला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के समक्ष रखेंगे।

पहले दिन की कार्यवाही के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की रणनीतियों पर नजर रहेगी, क्योंकि आने वाले दिनों में कई ज्वलंत मुद्दों पर सदन में तीखी बहस और राजनीतिक टकराव के आसार हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!