तेलंगाना में 6 लोगों की हत्या करने वाला आरोपी मिला मृत, शव के पास मिली कीटनाशक की बोतल, आत्महत्या की आशंका

Body of Murderer Found: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में 6 लोगों की हत्या करने वाला आरोपी पी. राजकुमार सोमवार को मृत पाया गया। उसका शव कोठूर थाना क्षेत्र के पेंजरला इलाके में मिला। शव के पास से कीटनाशक की एक बोतल बरामद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। यह वही आरोपी था, जिसने 10 जुलाई की रात महज आधे घंटे के भीतर छह लोगों की बेरहमी से हत्या कर पूरे राज्य को झकझोर दिया था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और उसकी तलाश में तेलंगाना पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान छेड़ रखा था।
पुलिस के मुताबिक राजकुमार के खिलाफ मई महीने में एक नाबालिग लड़की को परेशान करने के आरोप में POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत पीड़िता के परिवार की ओर से की गई थी। इसी मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 8 जुलाई को वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया। जेल से छूटने के महज दो दिन बाद उसने बदले की भावना में इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस का मानना है कि आरोपी पहले से ही हत्या की योजना बनाकर बैठा था और जमानत मिलते ही उसने पीड़ित परिवार को निशाना बनाया। पुलिस के मुताबिक 10 जुलाई की रात राजकुमार सबसे पहले पीड़िता के घर पहुंचा। वहां उसने नाबालिग लड़की की दादी और नानी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने नाबालिग लड़की को जबरन घर से घसीटते हुए पास के जंगल में ले गया, जहां चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात की क्रूरता ने पूरे इलाके को दहला दिया।

पीड़िता के घर के बाद आरोपी सीधे अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी पत्नी सरिता और अपने दोनों बेटों की भी गला रेतकर हत्या कर दी। इस तरह उसने करीब आधे घंटे के भीतर कुल छह लोगों की जान ले ली और मौके से फरार हो गया। हत्या करने के तुरंत बाद राजकुमार ने अपने पिता को फोन कर पूरे वारदात की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक उसने पिता से कहा कि उसने सभी की हत्या कर दी है और अब वह खुद भी अपनी जान देने जा रहा है। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। आरोपी के माता-पिता ने तत्काल पुलिस को पूरे घटनाक्रम की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी।
14 विशेष टीमें कर रही थी तलाश
रंगारेड्डी पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 14 विशेष जांच टीमें गठित की थी। हैदराबाद-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होटलों, लॉज, ढाबों और अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। फरार होने के अगले दिन आरोपी रेलवे स्टेशन के पास एक ऑटो में भी दिखाई दिया था, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के कई जिलों में भी सघन तलाशी अभियान शुरू किया था। सोमवार को पेंजरला इलाके के कुछ स्थानीय लोगों ने डायल-100 पर सूचना दी कि सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान के लिए परिजनों को बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान 35 साल के पी. राजकुमार के रूप में की। पुलिस ने बताया कि शव के मुंह से झाग निकल रहा था और उसके पास कीटनाशक की बोतल भी मिली है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी।
लड़की का पीछा करता था आरोपी: पुलिस
पुलिस के मुताबिक आरोपी लड़की का उसके कोचिंग इंस्टीट्यूट से घर तक पीछा करता था और बार-बार उस पर अपना प्रपोजल स्वीकार करने का दबाव बनाता था, जिससे परेशान होकर पीड़िता के परिवार ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हालांकि बाद में उसे अग्रिम जमानत मिल गई, क्योंकि कोर्ट ने पाया कि जिन अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया था, उनमें सात साल से कम की सजा का प्रावधान था। पुलिस का कहना है कि परिवार के सदस्यों ने बताया था कि आरोपी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था। उसे जुए की लत लग गई थी और उस पर कर्ज का बोझ था। रिश्तेदारों ने कहा कि शायद वारदात के वक्त उसके दोनों बच्चे सो रहे थे। जबकि जिस कमरे में पत्नी पार्वती का शव मिला, वहां हिंसक संघर्ष के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने बताया कि दरवाजे अंदर से बंद थे और पंखा, एयर-कंडीशनर और कूलर चल रहे थे।
राजकुमार और पार्वती ने की थी लव मैरिज
पुलिस ने बताया कि राजकुमार और पार्वती ने 2018 में लव मैरिज की थी, जो बाद में शबाद और देवालागुडा में बस गए थे। दंपति के तीन बच्चे थे। हालांकि उनकी सबसे बड़ी बेटी की बचपन में ही मौत हो गई थी। एक ही रात में छह लोगों की हत्या की इस वारदात ने पूरे तेलंगाना को झकझोर दिया था। आरोपी ने पहले नाबालिग पीड़िता के परिवार को निशाना बनाया और बाद में अपनी पत्नी समेत दो बच्चों की हत्या कर दिया, जिसने घटना को और भी भयावह बना दिया। अब आरोपी की मौत के बाद पुलिस हत्या के पूरे घटनाक्रम, आत्महत्या की आशंका और मामले के सभी कानूनी पहलुओं की जांच पूरी कर रही है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी। (Body of Murderer Found)




