भारत ने रचा इतिहास: श्रीहरिकोटा से देश का पहला प्राइवेट ऑर्बिटल रॉकेट लॉन्च, ‘विक्रम-1’ ने भरी ऐतिहासिक उड़ान
Skyroot Aerospace Vikram-1 : भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक नया स्वर्णिम अध्याय लिख दिया है। आज शनिवार को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (ISRO) से देश का पहला निजी ऑर्बिटल रॉकेट ‘विक्रम-1’ (Skyroot Aerospace Vikram-1) सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। हैदराबाद स्थित निजी स्पेस टेक कंपनी ‘स्काईरूट एयरोस्पेस’ द्वारा विकसित इस रॉकेट की सफल लॉन्चिंग के साथ ही भारत दुनिया का तीसरा ऐसा देश बन गया है, जहां किसी निजी कंपनी ने घरेलू दम पर यह कीर्तिमान स्थापित किया है। इससे पहले यह मुकाम केवल अमेरिका और चीन की निजी कंपनियों के नाम था।
हालांकि, तकनीकी दिक्कतों के कारण लॉन्चिंग में थोड़ी देरी जरूर हुई, लेकिन स्काईरूट के इंजीनियरों ने इसे समय रहते दूर कर इतिहास रच दिया।
डॉ. विक्रम साराभाई को समर्पित है ‘विक्रम-1’
भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक डॉ. विक्रम साराभाई के सम्मान में इस रॉकेट का नाम ‘विक्रम-1’ रखा गया है। लगभग 7 मंजिला ऊंची इमारत के बराबर का यह चार-चरणीय (four-stage) रॉकेट पृथ्वी की निचली कक्षा (लो अर्थ ऑर्बिट) में जाएगा, जो धरती से लगभग 450 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इस मिशन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सैटेलाइट्स को उनकी निर्धारित कक्षाओं में पूरी सटीकता के साथ स्थापित करना है।
अंतरिक्ष की ‘कैब सर्विस’ बनेगा स्काईरूट
स्काईरूट एयरोस्पेस ने इस ऐतिहासिक सफलता पर बयान जारी करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य अंतरिक्ष सेवाओं को बेहद आसान, किफायती और सुलभ बनाना है। कंपनी खुद को अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए एक ‘कैब सर्विस’ (ऑन-डिमांड लॉन्च) के रूप में विकसित कर रही है। इसके तहत भविष्य में वैश्विक कंपनियां अपनी जरूरत के अनुसार रॉकेट बुक कर अपने सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष की किसी भी खास ऑर्बिट में भेज सकेंगी। कंपनी का मानना है कि स्पेस एक्सेस को आसान बनाकर वैश्विक व्यापार और नई तकनीकों को भारी बढ़ावा मिलेगा।
‘प्रारंभ’ से ‘आगमन’ तक का सफर
‘विक्रम-1’ का यह मिशन स्काईरूट की अंतरिक्ष यात्रा का दूसरा बड़ा पड़ाव है। इससे पहले नवंबर 2022 में कंपनी ने ‘विक्रम-S’ नाम का देश का पहला सब-ऑर्बिटल रॉकेट सफलतापूर्वक लॉन्च किया था, जिसे ‘मिशन प्रारंभ’ नाम दिया गया था। विक्रम-S की कामयाबी ने जो बुनियाद रखी थी, आज विक्रम-1 के सफल ऑर्बिटल लॉन्च ने उस पर मुहर लगा दी है कि भारतीय निजी कंपनियां वैश्विक स्पेस मार्केट में नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। (Skyroot Aerospace Vikram-1)
यह भी पढ़े :- दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने सोशल मीडिया पर वायरल कीं पत्नी की निजी तस्वीरें, मामला दर्ज



